चतरा के स्कूल में चोरी, दो आरोपी गिरफ्तार, अलमारी, CCTV कैमरा और इनवर्टर समेत सामान बरामद
चतरा के ईटखोरी परियोजना बालिका उच्च विद्यालय में चोरी मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर अलमारी, बैटरी, इनवर्टर, CCTV कैमरा, मोबाइल और बाइक बरामद हुई।

Chatra: ईटखोरी के परियोजना बालिका उच्च विद्यालय में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों की निशानदेही पर स्कूल से चोरी किए गए लोहे की अलमारी, बैटरी, इनवर्टर, CCTV कैमरा, मॉनिटर और मोबाइल फोन समेत कई सामान बरामद किए गए हैं। चोरी में इस्तेमाल बिना नंबर की Bullet बाइक भी पुलिस ने जब्त की है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तुषार कुमार (20), पिता अजय राणा, निवासी परोका और सुनील कुमार (21), पिता प्रदीप राम, निवासी पुराना नगर ईटखोरी के रूप में हुई है।
रात में स्कूल का ताला तोड़कर चोरी
पुलिस के अनुसार, 15 अगस्त की रात परियोजना बालिका उच्च विद्यालय ईटखोरी के एक कमरे का ताला तोड़कर सामान चोरी कर लिया गया था। घटना को लेकर स्कूल के प्रधानाध्यापक बिनीत कुमार ने ईटखोरी थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर ईटखोरी थाना कांड संख्या 102/26 दर्ज कर BNS की संबंधित धाराओं के तहत जांच शुरू की गई।
Bullet से चोरी का सामान लेकर जा रहे थे आरोपी
जांच के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि स्कूल से चोरी किए गए सामान को लेकर कुछ अपराधी Bullet बाइक से परोका की ओर जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ईटखोरी SI अभिषेक कुमार सिंह और केस के अनुसंधानकर्ता ने पुलिस टीम के साथ तत्काल कार्रवाई की। पुलिस ने परोका में घेराबंदी कर बिना नंबर की Bullet बाइक पर चोरी का सामान ले जा रहे दो आरोपियों को पकड़ लिया।
झाड़ियों में छिपाकर रखा था बाकी सामान
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर चोरी का अन्य सामान झाड़ियों में छिपाकर रखे जाने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वहां से भी सामान बरामद कर लिया।
ये सामान हुए बरामद
पुलिस ने स्कूल से चोरी की गई एक लोहे की अलमारी, Exide कंपनी की बड़ी बैटरी, Microtek कंपनी का एक इनवर्टर, CCTV कैमरा, Philips कंपनी का एक मॉनिटर, दो की-पैड मोबाइल और दो स्मार्टफोन बरामद किए हैं।
इसके अलावा चोरी की घटना में इस्तेमाल की गई बिना नंबर की Bullet मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
दोनों आरोपियों को भेजा गया न्यायिक हिरासत में
पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
छापामारी टीम में ईटखोरी थाना प्रभारी SI अभिषेक कुमार सिंह, ASI विदेश कुमार पांडेय, ASI पंकज कुमार और ईटखोरी थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

कांवड़ यात्रा में विवाद के बाद भाजपा नेता पर हमला, 3 घायल, 50-60 युवकों ने...

Ranchi Power Cut : सावधान! मंगलवार को रांची के कई इलाकों में गुल रहेगी बिजली, देखें समय और लिस्ट







