कांवड़ यात्रा में विवाद के बाद भाजपा नेता पर हमला, 3 घायल, 50-60 युवकों ने...
जमशेदपुर के कोवाली थाना क्षेत्र में कांवड़ यात्रा के दौरान विवाद के बाद भाजपा नेता सूरज मंडल समेत तीन लोगों पर कथित हमला हुआ। पुलिस मामले की जांच और आरोपियों की पहचान में जुटी है।

Jamshedpur: पूर्वी सिंहभूम जिले के कोवाली थाना क्षेत्र में कांवड़ यात्रा के दौरान विवाद के बाद जिला परिषद सदस्य सह BJP नेता सूरज मंडल और उनके साथियों पर कथित हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में सूरज मंडल समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। तीनों का इलाज जमशेदपुर के MGM अस्पताल में चल रहा है।
महिलाओं से कथित अभद्रता का विरोध करने पर बढ़ा विवाद
जानकारी के अनुसार, सूरज मंडल रविवार देर रात अपने परिजनों और करीब 10 से 15 साथियों के साथ कांवड़ लेकर हरिणा स्थित मुक्तेश्वर धाम मंदिर में जलाभिषेक के लिए पैदल जा रहे थे।
बताया जा रहा है कि टांगरायन पंचायत के कैरासाई गांव के पास कांवड़ लेकर जा रहे दूसरे समूह के कुछ युवकों पर महिलाओं के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार और आपत्तिजनक नारेबाजी करने का आरोप लगा। सूरज मंडल के अनुसार, उन्होंने इसका विरोध किया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।
लाठी-डंडे और शराब की बोतलों से हमला करने का आरोप
सूरज मंडल का आरोप है कि कैरासाई गांव के पास बड़ी संख्या में युवकों ने उन्हें और उनके साथियों को घेर लिया। इसके बाद लाठी-डंडे और शराब की बोतलों से हमला किया गया।
हमले में सूरज मंडल के अलावा घनश्याम मंडल और रवि मोदक भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सूरज मंडल ने हमलावरों की संख्या करीब 50 से 60 बताई है।
किसी तरह भागकर बचाई जान
सूरज मंडल के मुताबिक, अचानक हुए हमले के बाद उन्होंने किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाई। इसके बाद घायल तीनों लोगों को इलाज के लिए MGM अस्पताल लाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
पुलिस जांच में जुटी, इलाके में तनाव
घटना की सूचना मिलने के बाद कोवाली थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस हमले के कारणों के साथ-साथ घटना में शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
कांवड़ यात्रा के दौरान हुई इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की पहचान करने और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

रांची से लौटे तो उड़ गए होश!, रोजगार सेवक के घर से 3 लाख के गहने और 30 हजार कैश चोरी

बुढ़मू में शर्मसार करने वाली वारदात!, ब्लैकमेलिंग से तंग आकर पीड़िता पहुंची थाने, आरोपी जहुरुद्दीन अंसारी की तलाश जारी







