बासुकीनाथ में आस्था का सैलाब!, तीसरी सोमवारी पर 1.81 लाख श्रद्धालुओं ने किया जलार्पण, सुरक्षा में मुस्तैद रहा प्रशासन
बाबा बासुकीनाथ धाम में तीसरी सोमवारी पर 1,81,984 श्रद्धालुओं ने जलार्पण किया। भारी भीड़ के बीच प्रशासन ने CCTV, बैरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था से मेला क्षेत्र की निगरानी की।

Dumka: राजकीय श्रावणी मेला महोत्सव के 19वें दिन सावन की तीसरी सोमवारी पर बाबा बासुकीनाथ के दरबार में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। शाम 5 बजे तक कुल 1,81,984 श्रद्धालुओं ने बाबा बासुकीनाथ का जलार्पण किया। वहीं, शीघ्रदर्शनम के जरिए 2,483 श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की।
तीसरी सोमवारी को उमड़ी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट रही। श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम तरीके से जलार्पण कराने के लिए मेला क्षेत्र में व्यापक इंतजाम किए गए थे।
शीघ्रदर्शनम से 12.41 लाख रुपये की आय
तीसरी सोमवारी को शीघ्रदर्शनम से 12,41,500 रुपये की आय हुई। वहीं, गोलक से 1,44,670 रुपये और अन्य स्रोतों से 16,170 रुपये प्राप्त हुए।
बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने के बावजूद प्रशासन ने कतार, बैरिकेडिंग और अर्घा व्यवस्था को व्यवस्थित बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
कंट्रोल रूम से पूरे मेला क्षेत्र पर नजर
DC अभिजीत सिन्हा ने मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और विधि-व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने कंट्रोल रूम पहुंचकर CCTV के माध्यम से पूरे मेला क्षेत्र की स्थिति देखी।
कंट्रोल रूम से श्रद्धालुओं की भीड़, कतार की स्थिति, प्रवेश और निकास मार्ग, बैरिकेडिंग, जलार्पण व्यवस्था और यातायात व्यवस्था पर लगातार नजर रखी गई। DC ने अधिकारियों से पल-पल की जानकारी लेते हुए भीड़ बढ़ने वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया।
ड्यूटी से गायब नहीं रहें अधिकारी और जवान
DC ने प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों और पुलिस बल को अपने निर्धारित ड्यूटी स्थल पर पूरी मुस्तैदी से तैनात रहने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कोई भी कर्मी अनावश्यक रूप से अपने ड्यूटी प्वाइंट को न छोड़े।
श्रद्धालुओं की कतार व्यवस्थित रखने, बैरिकेडिंग का पालन कराने और निर्धारित मार्ग से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
SP ने खुद संभाली सुरक्षा की कमान
SP पीताम्बर सिंह खेरवार भी पूरे मेला क्षेत्र में मौजूद रहकर सुरक्षा और विधि-व्यवस्था की निगरानी करते रहे। उन्होंने महत्वपूर्ण स्थानों का निरीक्षण कर मौके पर तैनात पुलिस अधिकारियों और जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
SP ने भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को श्रद्धालुओं के साथ सहयोगात्मक व्यवहार करने और जरूरत पड़ने पर तत्काल मदद उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
CCTV से लगातार निगरानी, भीड़ के हिसाब से बदलती रही व्यवस्था
मेला क्षेत्र में लगाए गए CCTV कैमरों के जरिए लगातार निगरानी की जाती रही। भीड़ की स्थिति के अनुसार सुरक्षा और यातायात व्यवस्था में आवश्यक बदलाव भी किए गए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
तीसरी सोमवारी पर बाबा बासुकीनाथ के दर्शन और जलार्पण के लिए झारखंड समेत दूसरे राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। श्रद्धालुओं ने निर्धारित कतार और अर्घा व्यवस्था के माध्यम से बाबा को जल अर्पित किया। पूरे मेला क्षेत्र में बोल बम और हर-हर महादेव के जयकारों से भक्तिमय माहौल बना रहा।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

कांवड़ यात्रा में विवाद के बाद भाजपा नेता पर हमला, 3 घायल, 50-60 युवकों ने...

Ranchi Power Cut : सावधान! मंगलवार को रांची के कई इलाकों में गुल रहेगी बिजली, देखें समय और लिस्ट







