चाईबासा में तेज रफ्तार बाइक ने बुजुर्ग को मारी टक्कर, मौत
चाईबासा के मंझारी में तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से बुजुर्ग सुंदरा बिरूवा की मौत हो गई। हादसे के बाद बाइक चालक फरार है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।

Chaibasa: पश्चिमी सिंहभूम के मंझारी थाना क्षेत्र में रविवार रात हुए सड़क हादसे में एक बुजुर्ग की मौत हो गई। तेज रफ्तार बाइक ने पीछे से पैदल जा रहे बुजुर्ग को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद बाइक चालक मौके से फरार हो गया। मृतक की पहचान भागाबिला गांव निवासी सुंदरा बिरूवा के रूप में हुई है।
पुजारी से मिलकर पैदल घर लौट रहे थे सुंदरा
जानकारी के अनुसार, सुंदरा बिरूवा रविवार को नीचे टोला गांव में पुजारी से मिलने गए थे। वहां से रात करीब 8 बजे वे पैदल अपने घर भागाबिला लौट रहे थे।
इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही सुंदरा बिरूवा सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
हादसे के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने घायल बुजुर्ग को तत्काल मंझारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद मंझारी पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी ली।
पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा भेजा गया शव
पुलिस ने सोमवार को शव को पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया। हादसे की जानकारी मिलने के बाद परिवार में मातम का माहौल है।
परिजनों के अनुसार, सुंदरा बिरूवा अकेले पैदल अपने घर लौट रहे थे, तभी पीछे से आए बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी।
ताड़ापाई गांव का बताया जा रहा बाइक चालक
परिजनों ने बताया कि हादसे को अंजाम देने वाला बाइक चालक ताड़ापाई गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। हालांकि, अभी तक उसकी पहचान और पूरा पता स्पष्ट नहीं हो पाया है।
मंझारी थाना प्रभारी दिलीप माझी ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस बाइक चालक की पहचान करने के साथ उसकी गिरफ्तारी के लिए जांच कर रही है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

कांवड़ यात्रा में विवाद के बाद भाजपा नेता पर हमला, 3 घायल, 50-60 युवकों ने...

Ranchi Power Cut : सावधान! मंगलवार को रांची के कई इलाकों में गुल रहेगी बिजली, देखें समय और लिस्ट







