चतरा में TSPC के एरिया कमांडर गिरफ्तार, श्राद्ध में शामिल होने गांव पहुंचा था लक्ष्मण गंझू ; पुलिस ने...
प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन TSPC के सक्रिय एरिया कमांडर लक्ष्मण गंझू उर्फ मोछु उर्फ लखन गंझू को चतरा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।


Chatra: प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन TSPC के सक्रिय एरिया कमांडर लक्ष्मण गंझू उर्फ मोछु उर्फ लखन गंझू को चतरा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, लंबे समय से फरार चल रहा लक्ष्मण अपने गांव पारामातु में आयोजित श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचा था। इसी दौरान गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर उसे उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
SP अनिमेष नैथानी ने सोमवार को अपने कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गिरफ्तारी की जानकारी दी।
श्राद्ध में आने की सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल
SP ने बताया कि 16 अगस्त को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि TSPC का एरिया कमांडर लक्ष्मण गंझू श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अपने गांव पारामातु आने वाला है।
सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए SDPO सिमरिया नागरगोजे शुभम भाऊसाहेब के नेतृत्व में SIT का गठन किया गया। टीम ने सूचना के आधार पर लावालौंग थाना क्षेत्र के पारामातु गांव में तत्काल छापेमारी की और लक्ष्मण गंझू को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जवानों पर हमले की साजिश में शामिल होने का आरोप
SP अनिमेष नैथानी के अनुसार, लक्ष्मण गंझू TSPC संगठन में काफी सक्रिय था। पुलिस का आरोप है कि वर्ष 2024 में सदर थाना क्षेत्र में अफीम विनष्टीकरण अभियान से लौट रहे पुलिसकर्मियों पर घात लगाकर किए गए हमले की साजिश में उसकी भूमिका थी।
इस हमले में दो पुलिस जवान शहीद हुए थे। इसी मामले में पुलिस को लंबे समय से लक्ष्मण गंझू की तलाश थी।
UAPA और आर्म्स एक्ट समेत तीन मामले दर्ज
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। लक्ष्मण गंझू के खिलाफ वशिष्ठनगर थाना और सदर थाना में कुल तीन मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
इन मामलों में Arms Act, UAPA और CLA Act जैसी गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
SIT ने घर से किया गिरफ्तार
लक्ष्मण गंझू की गिरफ्तारी के लिए गठित अभियान में SDPO सिमरिया नागरगोजे शुभम भाऊसाहेब, लावालौंग थाना प्रभारी चंदन कुमार, SI विधायक प्रसाद यादव और लावालौंग थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
पुलिस अब गिरफ्तार TSPC एरिया कमांडर से पूछताछ कर संगठन से जुड़े अन्य सदस्यों और उसकी गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









