चतरा जेल में TSPC उग्रवादी की संदिग्ध मौत, परिवार का आरोप- ‘पीट-पीटकर की गई हत्या’ ; सड़क पर उतरे लोग
चतरा जेल में बंद TSPC उग्रवादी मंटू गंझू की संदिग्ध मौत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है।


Chatra: चतरा जेल में बंद TSPC उग्रवादी मंटू गंझू की संदिग्ध मौत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। जेल प्रशासन जहां इसे फांसी लगाकर आत्महत्या का मामला बता रहा है, वहीं मृतक के परिजनों ने जेल अधीक्षक और पुलिस अधिकारियों पर पीट-पीटकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।
मौत की खबर के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने NH-22 स्थित पोस्ट ऑफिस चौक को जाम कर दिया और जमकर हंगामा किया।
कुछ दिन पहले हुई थी मुलाकात, परिवार का दावा- स्वस्थ था मंटू
मृतक के परिजनों का कहना है कि कुछ दिन पहले ही उन्होंने जेल में मंटू गंझू से मुलाकात की थी। उस समय वह पूरी तरह स्वस्थ था। परिवार के मुताबिक, रविवार को अचानक जेल से फोन आया कि मंटू की तबीयत खराब है।
जब परिजन जेल पहुंचे तो उन्हें मंटू का शव मिला। अचानक हुई मौत से परिवार में आक्रोश फैल गया और उन्होंने जेल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।
परिजनों ने पूरे मामले की CBI और NIA से जांच कराने की मांग की है।
50 लाख मुआवजा और सरकारी नौकरी की मांग
NH-22 पर प्रदर्शन के दौरान परिजनों और ग्रामीणों ने मृतक के परिवार को 50 लाख रुपये का मुआवजा और एक सरकारी नौकरी देने की मांग भी रखी।
परिजनों ने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होती, वे पीछे हटने को तैयार नहीं हैं।
हालांकि, सड़क जाम होने से NH-22 पर यातायात प्रभावित हुआ। इस दौरान कई स्कूली बच्चे और एंबुलेंस भी जाम में फंस गए।
पुलिस ने हिरासत में लेकर खुलवाया जाम
स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने हस्तक्षेप किया। सदर SDPO सनी वर्धन ने बताया कि सड़क जाम कर रहे लोगों को पुलिस ने हिरासत में लेकर जाम खुलवा दिया।
SDPO ने यह भी कहा कि मामला कोर्ट के संज्ञान में है। जज की ओर से एक कमेटी गठित कर मामले की जांच कराई जा रही है।
परिजनों के आवेदन पर FIR दर्ज
पुलिस के अनुसार, मृतक के परिजनों की ओर से दिए गए आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल एक तरफ जेल प्रशासन इसे आत्महत्या बता रहा है, जबकि परिवार हत्या का आरोप लगा रहा है। ऐसे में पोस्टमार्टम रिपोर्ट, कोर्ट की निगरानी में चल रही जांच और अन्य साक्ष्यों से ही मंटू गंझू की मौत की असली वजह सामने आने की उम्मीद है।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

बासुकीनाथ में आस्था का सैलाब!, तीसरी सोमवारी पर 1.81 लाख श्रद्धालुओं ने किया जलार्पण, सुरक्षा में मुस्तैद रहा प्रशासन

चाईबासा में तेज रफ्तार बाइक ने बुजुर्ग को मारी टक्कर, मौत







