खलारी में स्कूल चोरी का खुलासा, दो गिरफ्तार, मोबाइल दुकान से निकला चोरी का सामान
खलारी थाना क्षेत्र के बमने स्थित राजकीय कृत उत्क्रमित मध्य विद्यालय में हुई चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है।


Ranchi/Khalari: खलारी थाना क्षेत्र के बमने स्थित राजकीय कृत उत्क्रमित मध्य विद्यालय में हुई चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों की निशानदेही पर स्कूल से चोरी किए गए कई सामान भी बरामद किए गए हैं। मामले में शामिल एक अन्य आरोपी की तलाश अभी जारी है।
27 जुलाई को तोड़ा गया था स्कूल का ताला
पुलिस के अनुसार, 27 जुलाई 2026 को अज्ञात चोरों ने बमने स्थित स्कूल का ताला तोड़कर सामान चोरी कर लिया था। घटना की जानकारी मिलने के बाद खलारी थाना में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर खलारी थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम बनाई गई। टीम ने तकनीकी जानकारी और गुप्त सूचना के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की।
पहले राजकुमार पकड़ा गया, पूछताछ में खुला दूसरा नाम
जांच के दौरान पुलिस ने बमने निवासी राजकुमार ठाकुर, पिता गणेश ठाकुर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पुलिस को चोरी की घटना में उसकी भूमिका की जानकारी मिली। इसी दौरान उसने पुलिस को मामले में शामिल एक अन्य आरोपी के बारे में भी बताया।
इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लक्ष्मण कुमार, पिता प्रसाद साहू, निवासी बुड़मू बाजार, अनूप्रिया मोबाइल केयर, मेन रोड, थाना बुड़मू, रांची को भी गिरफ्तार कर लिया।
मोबाइल दुकान से मिला चोरी का सामान
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों की निशानदेही पर लक्ष्मण कुमार की मोबाइल दुकान से स्कूल से चोरी किया गया सामान बरामद किया गया।
बरामद सामान में एक वाटर कूलर, एक कैंट प्यूरिफायर RO, 10 मोबाइल फोन टैब, 8 हेडफोन और एक मोबाइल फोन शामिल हैं।
एक आरोपी अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर
पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ कर पुलिस चोरी की पूरी घटना और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

गुमला में PDS डीलरों का फूटा गुस्सा, बकाया पैसे नहीं मिले तो रांची में होगा बड़ा आंदोलन

'राशन बांटें हम और 14 माह से पैसा दबाए बैठी है सरकार', दुमका में राशन डीलरों का फूटा गुस्सा, समाहरणालय में प्रदर्शन







