गुमला में PDS डीलरों का फूटा गुस्सा, बकाया पैसे नहीं मिले तो रांची में होगा बड़ा आंदोलन
गुमला जिले में राशन डीलरों ने अपने बकाए कमीशन और लचर सिस्टम के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।


Gumla: गुमला जिले में राशन डीलरों ने अपने बकाए कमीशन और लचर सिस्टम के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को गुमला जिला फेयर प्राइस डीलर एसोसिएशन के बैनर तले बड़ी संख्या में राशन दुकानदारों ने उपायुक्त कार्यालय के बाहर जोरदार धरना दिया। डीलरों का कहना है कि वे लगातार अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन प्रशासन और विभाग उनकी बुनियादी दिक्कतों को लगातार नजरअंदाज कर रहा है।
10 महीने से अटका कमीशन, घर चलाना हुआ मुश्किल
धरने पर बैठे एसोसिएशन के अध्यक्ष अर्खितानंद देवघरिया और सचिव तनवीर नाज ने कहा कि पिछले 10 महीनों से राशन डीलरों के कमीशन का पैसा दबाकर रखा गया है। समय पर मेहनत का पैसा न मिलने की वजह से दुकानदारों के सामने अपने परिवार का खर्च चलाना भी भारी पड़ रहा है। डीलरों की हालत दिन-प्रतिदिन खराब होती जा रही है, लेकिन उनकी सुनने वाला कोई नहीं है।
खराब सर्वर और विभाग के दबाव से परेशान डीलर
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि ऑनलाइन राशन बांटने के लिए जो सर्वर दिया गया है, वह आए दिन ठप रहता है। सर्वर डाउन होने की वजह से राशन लेने आए आम लोगों का गुस्सा दुकानदारों को झेलना पड़ता है। एक तरफ तकनीकी खामियों की वजह से काम अटकता है, वहीं दूसरी तरफ विभाग बिना व्यवस्था सुधारे लगातार काम का दबाव बनाता रहता है। डीलरों की मांग है कि सर्वर को ठीक किया जाए और उनका बकाया कमीशन तुरंत जारी हो, ताकि राशन बांटने का काम बिना किसी रुकावट के हो सके।
मांगें पूरी नहीं हुईं तो रांची में होगा बड़ा आंदोलन
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने दो टूक चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने समय रहते उनकी वाजिब मांगें पूरी नहीं कीं, तो यह विरोध सिर्फ जिले तक सीमित नहीं रहेगा। अगले कदम के तौर पर राजधानी रांची पहुंचकर बड़े स्तर पर आंदोलन छेड़ा जाएगा। अपने हक और अधिकार की सुरक्षा के लिए राशन डीलर अब पीछे हटने के मूड में नहीं हैं और आर-पार की लड़ाई लड़ने को तैयार हैं।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

मुसाबनी में CRPF जवान की हार्ट अटैक से मौत, छुट्टी से लौटकर ज्वाइन की थी ड्यूटी

नई बोतल में पुरानी शराब है सोन जल समझौता!, विधायक सरयू राय का बड़ा बयान, बोले- झारखंड को नहीं मिला एक लोटा भी ज्यादा पानी







