जयराम महतो के विवादों की नई कहानी!, अब मुखिया पति और बेटे से मारपीट के आरोप ने बढ़ाई मुश्किलें
इस घटना के सामने आने के बाद धनबाद जिला मुखिया संघ ने विधायक के इस आचरण पर कड़ा ऐतराज जताया है और उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

Dhanbad: डुमरी विधायक जयराम महतो लगातार नए विवादों में फंसते चले जा रहे हैं। बरवाअड्डा थाना प्रभारी से कथित तौर पर गाली-गलौज का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि अब उन पर बड़ा पिछरी पंचायत की मुखिया के पति आशुतोष रजक और उनके बेटे के साथ मारपीट व दुर्व्यवहार करने का गंभीर आरोप लगा है। इस घटना के सामने आने के बाद धनबाद जिला मुखिया संघ ने विधायक के इस आचरण पर कड़ा ऐतराज जताया है और उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
'फर्जीवाड़े के आरोपी को बचाने पहुंचे थे विधायक'
धनबाद जिला मुखिया संघ के अध्यक्ष गयासुद्दीन ने इस घटना पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल गोविंदपुर प्रखंड ही नहीं, बल्कि पूरे धनबाद जिले के मुखिया आशुतोष रजक के साथ मजबूती से खड़े हैं। गयासुद्दीन ने आरोप लगाया कि फर्जीवाड़े के एक मामले में नामजद आरोपी गणेश दास को कथित रूप से बचाने के प्रयास में विधायक जयराम महतो वहां पहुंचे थे और उन्होंने जमकर हंगामा किया। इसी दौरान उन्होंने और उनके समर्थकों ने मुखिया पति और उनके बेटे के साथ मारपीट व गाली-गलौज की।
आंदोलन की चेतावनी
मुखिया संघ के अध्यक्ष ने कहा कि किसी जिम्मेदार जनप्रतिनिधि को ऐसी हरकतें कतई शोभा नहीं देतीं। संघ ने जिला प्रशासन से पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद जो भी दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। इसके साथ ही मुखिया संघ ने चेतावनी दी है कि अगर पीड़िता को न्याय नहीं मिला, तो पूरा संघ सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेगा। फिलहाल प्रशासन की ओर से जांच के बाद ही सच्चाई सामने आ पाएगी।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

भूकंप नहीं तो फिर क्या था?, नेपाल की विनाशकारी बाढ़ के पीछे सामने आया चौंकाने वाला शक

नौडीहा में यूरिया खाद की अवैध वसूली पर प्रशासन का एक्शन, दो दुकानदारों को शो-कॉज







