नौडीहा में यूरिया खाद की अवैध वसूली पर प्रशासन का एक्शन, दो दुकानदारों को शो-कॉज
अंचल अधिकारी संजय कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि किसानों से खाद की निर्धारित कीमत से अधिक राशि वसूलने या यूरिया की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Palamu.. News नौडीहा बाजार में किसानों से सरकारी दर से अधिक कीमत पर यूरिया खाद बेचे जाने की शिकायत और खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया। सरकारी निर्धारित दर 266.50 रुपये प्रति बोरी की जगह किसानों से 400 रुपये तक वसूले जाने के आरोपों पर नौडीहा अंचल अधिकारी संजय कुमार सिंह ने तत्काल संज्ञान लेते हुए जांच के निर्देश दिए। अंचल अधिकारी के निर्देश पर दो सदस्यीय जांच टीम गठित की गई। टीम में प्रखंड कृषि पदाधिकारी धर्मेंद्र कुमार और VLW प्रमोद कुमार शामिल थे। टीम ने मंगलवार को नौडीहा बाजार स्थित तीन खाद-बीज दुकानों का औचक निरीक्षण कर यूरिया के स्टॉक और बिक्री व्यवस्था की जांच की। जांच के दौरान सुनील खाद बीज भंडार में 82 बोरी, प्राथमिक कृषि साख सहयोग समिति (PACS) खाद बिक्री केंद्र में 10 बोरी और किसान खाद बीज भंडार में 269 बोरी यूरिया स्टॉक में पाया गया। जांच टीम ने दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिया कि किसानों को यूरिया खाद सरकारी निर्धारित दर 266.50 रुपये प्रति बोरी पर ही उपलब्ध कराया जाए। मौके पर ही दो किसानों को 267 रुपये प्रति बोरी की दर से यूरिया उपलब्ध कराया गया। वहीं, स्टॉक और बिक्री व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाए जाने पर सुनील खाद बीज भंडार और PACS खाद बिक्री केंद्र को शो-कॉज नोटिस जारी किया गया है। दोनों दुकानदारों से 24 घंटे के अंदर स्पष्टीकरण मांगा गया है। अंचल अधिकारी संजय कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि किसानों से खाद की निर्धारित कीमत से अधिक राशि वसूलने या यूरिया की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों के लाइसेंस रद्द करने की अनुशंसा भी की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद किसानों को उम्मीद है कि यूरिया खाद की बिक्री निर्धारित दर पर होगी और खाद की कालाबाजारी एवं अवैध वसूली पर प्रभावी रोक लगेगी।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

पलामू में गांजा तस्करी का बड़ा खुलासा, कार से 121 किलो गांजा बरामद ; दो गिरफ्तार

रक्षाबंधन से पहले झारखंड की बहनों को बड़ा तोहफा!, रांची की 3.95 लाख महिलाओं के खाते में पहुंचे ₹2,500







