पलामू में गांजा तस्करी का बड़ा खुलासा, कार से 121 किलो गांजा बरामद ; दो गिरफ्तार
पलामू के सतबरवा थाना क्षेत्र में NH-39 पर वाहन जांच के दौरान पुलिस ने कार से 121 किलो गांजा बरामद किया। करीब 60 लाख रुपये की खेप के साथ दो आरोपी गिरफ्तार हुए।

Palamu News : पलामू जिले में नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पलामू पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सतबरवा थाना क्षेत्र में NH-39 पर वाहन जांच के दौरान एक कार से 121 किलो गांजा बरामद किया गया है। पुलिस के मुताबिक, बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 60 लाख रुपये है।
पुलिस के अनुसार, गांजे की यह खेप ओडिशा से हरिहरगंज ले जाई जा रही थी। मामले में सतबरवा इलाके के रहने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
कार में छिपाकर ले जा रहे थे 117 पैकेट गांजा
SP कपिल चौधरी ने बुधवार शाम करीब 5 बजे मामले की जानकारी देते हुए बताया कि सतबरवा पुलिस को मंगलवार रात गांजा तस्करी की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद NH-39 पर वाहन जांच शुरू की गई।
इसी दौरान पुलिस ने एक सफेद रंग की कार को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार की डिक्की और आगे की सीट के नीचे छिपाकर रखे 117 पैकेट बरामद किए गए। इन पैकेटों में कुल 121 किलो गांजा मिला।
पुलिस ने मौके से दो मोबाइल फोन और दो फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद किए हैं।
एक आरोपी ड्राइवर, दूसरा CSP संचालक
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सनोज कुमार यादव उर्फ बाबू (25) और शम्भू कुमार यादव (30) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, शम्भू हरिहरगंज में CSP संचालक है, जबकि सनोज ड्राइवरी का काम करता है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS Act के तहत सतबरवा थाना में मामला दर्ज किया है। पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









