दो बेटियां थीं, जमीन पर थी नजर!, चाचा की हत्या के आरोप में भतीजा और उसकी मां गिरफ्तार
गढ़वा के डंडई थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर चाचा की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा किया। भतीजे मुन्नू यादव और उसकी मां मिला देवी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया।

Garhwa: गढ़वा जिले से रिश्तों को झकझोर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जमीन विवाद में एक भतीजे पर अपनी मां के साथ मिलकर सगे चाचा की गला दबाकर हत्या करने का आरोप है। हत्या के बाद शव को मकई के खेत में फेंक दिया गया।
पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी भतीजे और उसकी मां को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
मकई के खेत में मिला शव, शरीर पर थे चोट के निशान
बुधवार को SDPO दिलू लोहार ने प्रेस वार्ता कर मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 24 अगस्त को पुलिस को डंडई थाना क्षेत्र के करके गांव स्थित यादव टोला में एक मकई के खेत में व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना मिली थी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान रजिन्द्र यादव उर्फ बुगी के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, शव के सिर के पीछे और पैर में चोट के निशान मिले थे।
जमीन विवाद की जांच करते-करते पहुंची पुलिस भतीजे तक
पोस्टमार्टम के बाद मृतक के साला बिगन यादव के बयान पर डंडई थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले के खुलासे के लिए SP के निर्देश पर SDPO दिलू लोहार के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल का गठन किया गया।
जांच के दौरान पुलिस को मृतक का अपने बड़े भाई कन्हाई यादव, भतीजे मुन्नू यादव और भाभी मिला देवी के साथ जमीन को लेकर विवाद होने की जानकारी मिली।
पूछताछ में भतीजे ने कबूला जुर्म
पुलिस ने 25 अगस्त को मृतक के 20 वर्षीय भतीजे मुन्नू यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
आरोपी ने बताया कि उसके चाचा जमीन का बंटवारा किए बिना उसे बेच रहे थे। पुलिस के मुताबिक, जमीन हड़पने की नीयत से हत्या की गई और आरोपी की मां मिला देवी ने इसमें सहयोग किया। इसके बाद शव को मकई के खेत में फेंक दिया गया।
निशानदेही पर मिला मृतक का मोबाइल
पुलिस ने आरोपी मुन्नू यादव की निशानदेही पर खेत से मृतक का HMD कंपनी का की-पैड मोबाइल बरामद किया। पुलिस ने आरोपी का मोबाइल भी जब्त कर लिया है।
मामले में मुन्नू यादव और उसकी मां मिला देवी (41) को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









