'राशन बांटें हम और 14 माह से पैसा दबाए बैठी है सरकार', दुमका में राशन डीलरों का फूटा गुस्सा, समाहरणालय में प्रदर्शन
झारखंड में बकाया कमीशन और तय न्यूनतम भत्ते की मांग को लेकर राशन डीलरों का गुस्सा फूट पड़ा है।


Dumka: झारखंड में बकाया कमीशन और तय न्यूनतम भत्ते की मांग को लेकर राशन डीलरों का गुस्सा फूट पड़ा है। ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर्स फेडरेशन के बैनर तले मंगलवार को दुमका के पुराने समाहरणालय परिसर में जिलेभर के पीडीएस दुकानदारों ने जोरदार एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद करने के बाद फेडरेशन के जिलाध्यक्ष सुनील कुमार झा की अगुवाई में एक प्रतिनिधिमंडल ने कमिश्नर से मुलाकात की और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
14 महीनों से कमीशन नहीं मिलने पर जताई नाराजगी
धरने को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष सुनील कुमार झा ने सरकार और खाद्य आपूर्ति विभाग के ढुलमुल रवैए पर कड़ा ऐतराज जताया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना और राज्य सरकार की अपनी खाद्य सुरक्षा योजना के तहत डीलर पूरी ईमानदारी से हर महीने गरीबों तक अनाज पहुंचा रहे हैं, लेकिन सरकार ने पिछले 14 महीनों से उनका कमीशन रोक रखा है। इस महंगाई के दौर में बिना कमीशन और भत्ते के दुकानों का संचालन करना और अपने परिवारों का पेट पालना डीलरों के लिए बेहद मुश्किल हो गया है।
लगातार गुहार के बाद भी नहीं हुआ समाधान
डीलरों का कहना है कि बकाया भुगतान और बुनियादी समस्याओं को लेकर उन्होंने कई बार विभागीय अधिकारियों और जिला प्रशासन को चिट्ठी लिखी और आमने-सामने मिलकर भी फरियाद लगाई। इसके बावजूद शासन-प्रशासन की तरफ से कोई ठोस पहल नहीं की गई। इसी अनदेखी से तंग आकर अब उन्हें मजबूरन सड़क पर उतरकर आंदोलन का रास्ता चुनना पड़ा है। डीलरों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही उनकी मांगों का समाधान नहीं हुआ, तो वे आगे और बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

मुसाबनी में CRPF जवान की हार्ट अटैक से मौत, छुट्टी से लौटकर ज्वाइन की थी ड्यूटी

नई बोतल में पुरानी शराब है सोन जल समझौता!, विधायक सरयू राय का बड़ा बयान, बोले- झारखंड को नहीं मिला एक लोटा भी ज्यादा पानी







