तेज बारिश में घर लौट रहा था प्रीतम, कोडरमा में अज्ञात वाहन ने छीन ली जिंदगी
कोडरमा के डोमचांच में तेज बारिश के बीच अज्ञात वाहन की टक्कर से 33 वर्षीय बाइक सवार प्रीतम पटेल की मौत हो गई। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है।

Koderma: तेज बारिश के बीच सोमवार की देर रात कोडरमा में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। डोमचांच थाना क्षेत्र के नीरू पहाड़ी के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार 33 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से भाग निकला।
मृतक की पहचान प्रीतम पटेल, पिता स्व. मुन्ना राउत के रूप में हुई है। प्रीतम झुमरीतिलैया में अपनी मां, पत्नी और बेटी के साथ किराए के मकान में रहता था।
गांव से लौटते वक्त हुआ हादसा
बताया जाता है कि प्रीतम सोमवार को अपने पैतृक गांव राजधनवार गया था। रात में वह बाइक से वापस झुमरीतिलैया लौट रहा था। उस वक्त इलाके में तेज बारिश हो रही थी।
नीरू पहाड़ी के पास पहुंचते ही उसकी बाइक किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि प्रीतम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद वाहन लेकर चालक फरार हो गया।
बाइक के नंबर से हुई मृतक की पहचान
घटना की जानकारी मिलते ही डोमचांच थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की जांच करने के बाद शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल कोडरमा भेज दिया।
पुलिस को मौके से प्रीतम की बाइक का रजिस्ट्रेशन नंबर मिला। इसी के आधार पर उसकी पहचान की गई और परिवार को हादसे की जानकारी दी गई।
सुबह अस्पताल पहुंचे परिजन, शव देखते ही मचा कोहराम
मंगलवार सुबह जब प्रीतम के परिजन सदर अस्पताल पहुंचे और शव देखा तो उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार के लोगों की चीख-पुकार से अस्पताल का माहौल गमगीन हो गया।
परिजनों के मुताबिक, प्रीतम के पिता की करीब एक साल पहले ही मौत हो चुकी थी। परिवार की जिम्मेदारी अब काफी हद तक प्रीतम पर थी। वह स्मार्ट बाजार में काम करता था और इसी से घर का खर्च चलता था।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

सुवर्णरेखा में बढ़ा पानी, पुल के नीचे दिखा मगरमच्छ!

महागामा में पुलिस का बड़ा एक्शन, दो युवक गिरफ्तार ; देशी कट्टा और 2 कारतूस बरामद







