रांची में पुलिस का बड़ा एक्शन प्लान!, बंद चीनी फैक्ट्री में बनेगा पुलिस पोस्ट, 24 घंटे रहेगी निगरानी
रांची में बंद चीनी फैक्ट्री में पुलिस पोस्ट बनाया जाएगा। बीट ऑफिसर, Tiger Mobile और चार जवान तैनात होंगे। पुलिस नो-एंट्री, अतिक्रमण और असामाजिक गतिविधियों पर भी सख्ती करेगी।

Ranchi: आम लोगों की समस्याओं को सीधे सुनने और उनका जल्द समाधान करने के लिए रांची पुलिस की ओर से जन समस्या समाधान कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस बार कोतवाली थाना क्षेत्र के नागरिकों के साथ पुलिस कार्यालय में बैठक हुई। बैठक में व्यवसायियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, केंद्रीय शांति समिति के सदस्यों, राजनीतिक प्रतिनिधियों, वार्ड पार्षदों और अन्य स्थानीय लोगों ने अपनी समस्याएं पुलिस अधिकारियों के सामने रखीं।
बैठक में विधि-व्यवस्था, ट्रैफिक, अतिक्रमण और इलाके में हो रही असामाजिक गतिविधियों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। समस्याओं को सुनने के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को कई जरूरी निर्देश दिए।
बंद चीनी फैक्ट्री में बनेगा पुलिस पोस्ट
बड़ा तालाब के पास अघोरी आश्रम के समीप बंद पड़ी चीनी फैक्ट्री में असामाजिक गतिविधियों की शिकायत को पुलिस ने गंभीरता से लिया है। इस जगह पर अब पुलिस पोस्ट स्थापित करने का फैसला लिया गया है।
पुलिस पोस्ट पर एक बीट ऑफिसर की तैनाती होगी। इसके अलावा Tiger Mobile पेट्रोलिंग के साथ चार पुलिस जवान भी लगाए जाएंगे। पुलिस के मुताबिक, यहां 24 घंटे पेट्रोलिंग और निगरानी रखने की व्यवस्था की जाएगी, ताकि असामाजिक तत्वों पर लगाम लगाई जा सके।
नो-एंट्री में बड़े वाहनों पर होगी सख्ती
जालान रोड, भुइयाँ टोली, किशोरी सिंह यादव चौक और सेवा सदन इलाके में नो-एंट्री के दौरान बड़े मालवाहक वाहनों के प्रवेश और सड़क पर खड़े रहने की शिकायत भी सामने आई।
पुलिस ने साफ कर दिया है कि नो-एंट्री के समय बड़े मालवाहक वाहन न तो इलाके में प्रवेश करेंगे और न ही सड़क पर खड़े रह सकेंगे। माल से जुड़े वाहनों को नो-एंट्री खत्म होने के बाद ही संबंधित इलाके में जाने की अनुमति होगी।
अगर नो-एंट्री के दौरान कोई बड़ा वाहन सड़क पर खड़ा मिला तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और चालान भी काटा जाएगा।
नागा बाबा खटाल बाजार में अतिक्रमण पर भी होगी कार्रवाई
बैठक में नागा बाबा खटाल के सब्जी बाजार की समस्या भी सामने आई। स्थानीय लोगों और वार्ड पार्षदों ने बताया कि सड़क पर सब्जी की दुकानें लगने से ट्रैफिक की परेशानी बढ़ रही है।
पुलिस अब नगर निगम के अधिकारियों के साथ मिलकर मौके की स्थिति देखेगी। इसके बाद अतिक्रमण हटाने और ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर करने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
पेट्रोलिंग और नशे के खिलाफ कार्रवाई बढ़ेगी
रांची पुलिस ने इलाके में ग्राउंड लेवल पुलिसिंग और नियमित पेट्रोलिंग को और मजबूत करने का निर्देश दिया है। संवेदनशील इलाकों में Tiger Mobile और बीट पुलिसिंग को सक्रिय रखने के साथ असामाजिक तत्वों और नशे से जुड़ी गतिविधियों पर भी नजर रखने को कहा गया है।
बैठक में अधिकारियों को नागरिकों की शिकायतों पर जल्द कार्रवाई करने और लिए गए फैसलों का फॉलो-अप सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जन समस्या समाधान कार्यक्रम का मकसद लोगों की समस्याओं को सीधे सुनना और उनके समाधान के लिए तुरंत कदम उठाना है। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि वे अपने इलाके में किसी भी तरह की असामाजिक गतिविधि की जानकारी पुलिस को दें और शहर को सुरक्षित व व्यवस्थित बनाने में सहयोग करें।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

PM किसान योजना और फ्लिपकार्ट के नाम पर करते थे ठगी, देवघर पुलिस की रेड में धरे गए 6 साइबर क्रिमिनल

सलाखों के पीछे ही रहेगा झारखंड का सबसे बड़ा मानव तस्कर!, पन्ना लाल महतो मामले में कोर्ट का नया फैसला, 15 सितंबर को अगली तारीख







