Jharkhand (Godda): कहते हैं मां ममता की मूरत होती है मां सगी हो या सौतेली उसका दिल ममता और प्यार से भरा रहता है, लेकिन गोड्डा के हनवारा थाना क्षेत्र के परसा गांव से आई ये खबर इस कहावत को झकझोर देने वाली है. यहां एक सौतेली मां पर अपने ही 7 साल के मासूम सौतेले बेटे अमन की हत्या कर शव कुएं में फेंकने का सनसनीखेज आरोप लगाया है.
मामला उस वक्त का है जब बच्चे का पिता मोहम्मद हसन अपनी बड़ी बेटी सायना परवीन को CTET की परीक्षा दिलाने धनबाद गए हुए थे. घर पर सिर्फ सौतेली मां लवली खातून और मासूम अमन मौजूद था. परीक्षा देकर जब पिता-बेटी वापस लौटे तो अमन घर में नहीं मिला. पूछताछ करने पर सौतेली मां ने अनजान बनने की कोशिश की और कहा कि उसे अमन के बारे में कोई जानकारी नहीं है. इसके बाद अमन की खोजबीन शुरू हुई. इसी दौरान घर के पास स्थित कुएं के बाहर अमन की पीले रंग की एक चप्पल मिली, जबकि दूसरी चप्पल कुएं के अंदर नजर आई. अनहोनी की आशंका में पिता ने टॉर्च जलाकर कुएं में झांका तो वहां अमन का शव दिखाई दिया.
यह दृश्य देखकर परिजनों के होश उड़ गए. मृतक अमन के पिता मोहम्मद हसन और बड़ी बहन सायना परवीन ने सीधे तौर पर सौतेली मां लवली खातून पर हत्या का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि घटना के वक्त घर में वही मौजूद थी. अमन पांच भाई-बहनों में सबसे छोटा था और परसा स्थित आवासीय ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल में नर्सरी का छात्र था. परिजनों ने बताया कि अमन की सगी मां का निधन वर्ष 2023 में बीमारी के कारण हो गया था. वह आंगनबाड़ी सेविका थीं. इसके बाद वर्ष 2025 में मोहम्मद हसन ने लवली खातून से दूसरी शादी की थी. अब इसी रिश्ते पर सबसे बड़ा सवाल खड़ा हो गया है.
इधर इस घटना की सूचना मिलते ही हनवारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने आरोपी सौतेली मां को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी.
रिपोर्ट- प्रिंस यादव









