Saharsa में दिल दहला देने वाली घटना: 11 वर्षीय बच्ची का फंदे से लटका मिला शव
घर से निकलते समय शबनम ने उनसे लौटते वक्त समोसा लाने की बात कही थी. देर शाम जब वह वापस घर पहुंचीं तो देखा कि शबनम दुपट्टे के फंदे से लटकी हुई है.

Saharsa, Bihar: सहरसा जिले के बसनही थाना क्षेत्र अंतर्गत सहसौल पंचायत के विश्वनाथ टोला वार्ड नंबर 7 में शनिवार देर शाम एक 11 वर्षीय बच्ची का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतका की पहचान सिमरी बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के अशरफचक वार्ड नंबर 7 निवासी सदानंद शर्मा की पुत्री शबनम कुमारी के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी.
परिजनों के अनुसार, शबनम अपने दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ी थी. उसके पिता सदानंद शर्मा मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं. बताया गया कि शबनम पिछले करीब चार महीने से अपनी मां पिंकी देवी के साथ बसनही थाना क्षेत्र स्थित अपने ननिहाल में रह रही थी.
मृतका की मां पिंकी देवी ने बताया कि शनिवार को वह बच्चों के इलाज के लिए बाजार गई थीं. घर से निकलते समय शबनम ने उनसे लौटते वक्त समोसा लाने की बात कही थी. देर शाम जब वह वापस घर पहुंचीं तो देखा कि शबनम दुपट्टे के फंदे से लटकी हुई है. परिजनों ने आनन-फानन में उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. इसके बाद मामले की सूचना तुरंत बसनही थाना पुलिस को दी गई.
बसनही थाना अध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि फंदे से लटककर बच्ची की मौत होने की सूचना मिली थी. शव पर गले में फंदे के निशान पाए गए हैं. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. थाना अध्यक्ष ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा.
(सहरसा से इंद्रदेव की रिपोर्ट)
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

मोतिहारी पहुंचे केंद्रीय राज्य मंत्री ने विपक्ष पर बोला हमला, सड़क पर नमाज को लेकर भी दिया बड़ा बयान

प्रेमी संग भागने के लिए दे दी मुर्गे की बलि, घर में फैला दिया खून.. फिर हो गई फरार







