15 अगस्त का कार्यक्रम देखने गई साढ़े 3 साल की बच्ची, लौटते वक्त गड्ढे में डूबी, घर में मचा कोहराम
सहरसा के महिषी में 15 अगस्त का कार्यक्रम देखने गई साढ़े तीन साल की बच्ची साक्षी कुमारी की पानी भरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। घर लौटते समय हादसा हुआ और काफी देर बाद बच्ची का शव बरामद किया गया।


स्वतंत्रता दिवस के दिन सहरसा के महिषी थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। साढ़े तीन साल की बच्ची की पानी भरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। बच्ची सुबह घर से 15 अगस्त का कार्यक्रम देखने निकली थी, लेकिन लौटते समय हादसे का शिकार हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
कार्यक्रम देखने गई थी साक्षी
मृत बच्ची की पहचान महिषी थाना क्षेत्र के घोघेपुर पंचायत अंतर्गत चौड़ा वार्ड नंबर 12 निवासी अनिल कुमार की साढ़े तीन साल की बेटी साक्षी कुमारी के रूप में हुई है। साक्षी तीन बहनों में दूसरे स्थान पर थी। उसके पिता गांव में ग्रामीण कंपाउंडर के रूप में काम करते हैं। बेटी की मौत के बाद मां शीशम कुमारी का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृत बच्ची के दादा शंभू मुखिया ने बताया कि 15 अगस्त के कार्यक्रम को लेकर साक्षी शनिवार सुबह करीब 9 बजे घर से कुछ दूरी पर झंडोत्तोलन देखने गई थी। करीब डेढ़ बजे वापस लौटने के दौरान घर से लगभग 60 मीटर की दूरी पर स्थित एक पानी भरे गड्ढे में अचानक गिर गई।
गड्ढे में मिला बच्ची का शव
परिजनों को लगा कि साक्षी घर पहुंच गई होगी और आसपास खेल रही होगी। काफी देर तक जब वह नहीं मिली तो परिवार के लोगों ने उसकी खोजबीन शुरू की। इसी दौरान सड़क की पगडंडी के किनारे गड्ढे में बच्ची का शव पड़ा मिला। शव देखते ही परिजनों के होश उड़ गए और घर में चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची महिषी थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिषी थानाध्यक्ष प्रभाकर भारती ने बताया कि बच्ची की मौत डूबने से हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
15 अगस्त के दिन जहां गांव में आजादी का जश्न मनाया जा रहा था, वहीं साक्षी की मौत ने उसके परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। एक छोटी सी लापरवाही और खुले पानी से भरे गड्ढे ने परिवार की मासूम बेटी को हमेशा के लिए छीन लिया। जिस देश की आज़ादी पर ख़ुश होकर बच्ची जश्न मनाने गई थी उसी देश के ग़ैरज़िम्मेदारी ने उसकी सासें चिन ली.
(सहरसा से इंद्रदेव की रिपोर्ट)

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

15 अगस्त से पहले मोतिहारी में बड़ा खेल! मंदिर के पीछे उतर रही थी बड़ी खेप, पुलिस ने मारा छापा

गंगा में नहाने गया 12 साल का विकास अचानक गहरे पानी में समाया, दोस्त की चीख से मचा हड़कंप







