फोन पर कहासुनी के बाद रास्ते में घेरा!, Amity University के छात्रों में मारपीट, पुलिस ने...
रांची के विधानसभा थाना क्षेत्र स्थित एमिटी यूनिवर्सिटी (Amity University) के छात्रों के बीच आपसी विवाद में जमकर मारपीट की घटना सामने आई है।


Ranchi: रांची के विधानसभा थाना क्षेत्र स्थित एमिटी यूनिवर्सिटी (Amity University) के छात्रों के बीच आपसी विवाद में जमकर मारपीट की घटना सामने आई है। इस झड़प में दोनों पक्षों के छात्र घायल हुए हैं। घटना के बाद दोनों ही पक्षों ने विधानसभा थाने में एक-दूसरे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस केस दर्ज कर पूरे मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।
लोहे की रॉड से हमले और जानलेवा नीयत का आरोप
किशोरगंज निवासी छात्र रुद्राक्ष सिंह ने अपनी शिकायत में बताया कि 20 अगस्त को मोबाइल फोन पर किसी बात को लेकर मृणाल यादव के साथ उसकी कहासुनी हुई थी। इसके बाद 24 अगस्त की दोपहर करीब तीन से चार बजे के बीच जब वह कॉलेज से बाहर निकल रहा था, तभी मृणाल यादव, सुजल उपाध्याय और अविनाश कुमार ने उसे रास्ते में घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। रुद्राक्ष का आरोप है कि आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से उसके सिर पर लोहे की रॉड से हमला किया, नाक पर मुक्का मारा और हाथ में भी गंभीर चोटें पहुंचाईं। छात्र ने पुलिस से घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज को सुरक्षित कर जांच में शामिल करने की गुहार लगाई है।
दूसरे पक्ष का आरोप: मारपीट में डिसलोकेट हुआ कंधा
वहीं दूसरी तरफ, हजारीबाग के बड़ा बाजार निवासी और वर्तमान में पुंदाग के रिषभ नगर में रहकर पढ़ाई कर रहे छात्र मृणाल कुमार ने भी जवाबी प्राथमिकी दर्ज कराई है। मृणाल का कहना है कि 24 अगस्त की शाम करीब चार बजे उसके साथ दूसरे पक्ष द्वारा गाली-गलौज और मारपीट की गई। इस हमले में उसके कंधे पर गंभीर चोट आई और कंधा डिसलोकेट हो गया, जिसके बाद उसे तत्काल ओट केयर अस्पताल में भर्ती कराकर इलाज कराना पड़ा।
मृणाल ने बताया कि मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों और लॉ डिपार्टमेंट के कुछ छात्रों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया। उसने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद उसे झूठे मुकदमों में फंसाने की लगातार धमकियां दी जा रही हैं। मृणाल की शिकायत पर पुलिस ने रुद्राक्ष सिंह, अंसलान अशिद्दीक और सचिन पांडेय के खिलाफ नामजद केस दर्ज किया है।
CCTV फुटेज और साक्ष्यों के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
विधानसभा थाना पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों की ओर से मिली लिखित शिकायतों के आधार पर मामले की गहन छानबीन की जा रही है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज जुटा रही है और कॉलेज के चश्मदीद छात्रों से पूछताछ कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









