पूजा पंडाल के पास से गायब हुई पिकअप, मनोहरपुर पुलिस ने ऐसे सुलझाई चोरी की गुत्थी
मनोहरपुर में दुर्गा पूजा पंडाल के पास से चोरी हुई पिकअप पुलिस ने कांड्रा टोल ब्रिज के पास से बरामद कर ली। तकनीकी जांच के आधार पर दो आरोपी गिरफ्तार हुए।

Chaibasa : मनोहरपुर थाना क्षेत्र में दुर्गा पूजा पंडाल के पास से चोरी हुई पिकअप वाहन के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को मनोहरपुर बस स्टैंड से गिरफ्तार किया है। दोनों से पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर चोरी की गई पिकअप को कांड्रा टोल ब्रिज के पास से बरामद कर लिया गया।
मामला 24 अगस्त का है। सुंदरगढ़ जिले के टिकायतपाली थाना क्षेत्र के झिरदापाली निवासी दशरथ किसन ने मनोहरपुर थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने पुलिस को बताया था कि उनकी पिकअप लाइनपार स्थित दुर्गा पूजा पंडाल के पास खड़ी थी, जहां से वह चोरी हो गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने कांड संख्या 34/2026 दर्ज कर जांच शुरू की।
तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
वाहन चोरी की सूचना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पश्चिमी सिंहभूम SP के निर्देश पर एक विशेष छापामारी टीम बनाई। टीम ने तकनीकी शाखा की मदद से मामले की जांच आगे बढ़ाई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई और उनकी तलाश में छापेमारी शुरू की गई।
इसी दौरान पुलिस ने मनोहरपुर बस स्टैंड से दो संदिग्धों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनोद सिंह और प्रशांत कुमार नायक के रूप में हुई है।
एक आरोपी बिहार का, फिलहाल ओडिशा में रह रहा था
पुलिस के अनुसार 45 वर्षीय विनोद सिंह मूल रूप से बिहार के आरा जिले के उदवंत नगर थाना क्षेत्र का रहने वाला है। वर्तमान में वह झारसुगुड़ा, ओडिशा में रह रहा था। उसके खिलाफ ओडिशा के तलसारा थाना में भी मामला दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
वहीं दूसरा आरोपी प्रशांत कुमार नायक सुंदरगढ़ जिले के केराई थाना क्षेत्र के केराई गांव का रहने वाला है।
पूछताछ के बाद कांड्रा से मिली चोरी की पिकअप
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में मिली जानकारी और आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई पिकअप वाहन OD-14V-8939 को कांड्रा टोल ब्रिज के पास से बरामद किया गया। वाहन को पुलिस ने जब्त कर लिया है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

कौन मारेगा बाजी?, झारखंड चेंबर चुनाव में पहले दिन 42 दावेदार मैदान में

रांची के खेलगांव में टीबी स्क्रीनिंग कैंप, 2 मरीजों में दिखे लक्षण







