गंगा में नहाने गया 12 साल का विकास अचानक गहरे पानी में समाया, दोस्त की चीख से मचा हड़कंप
बख्तियारपुर के सीढ़ी घाट पर गंगा स्नान के दौरान 12 वर्षीय विकास कुमार गहरे पानी में चला गया और तेज धारा में बह गया। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और SDRF को सूचना दी गई। स्थानीय गोताखोर भी किशोर की तलाश में जुटे हैं।


बख्तियारपुर: बाढ़ अनुमंडल के बख्तियारपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को गंगा स्नान के दौरान एक 12 वर्षीय किशोर गंगा के गहरे पानी में डूब गया। हादसे के बाद सीढ़ी घाट पर अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते मौके पर स्थानीय लोगों और परिजनों की भीड़ जमा हो गई।
बताया जा रहा है कि नया टोला राघोपुर निवासी संजय कुमार का 12 वर्षीय बेटा विकास कुमार अपने एक दोस्त के साथ गंगा स्नान करने सीढ़ी घाट पहुंचा था। नहाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूबने लगा।
दोस्त ने लगाई मदद की गुहार
विकास को पानी में डूबता देखकर उसके साथ मौजूद दोस्त ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया। स्थानीय लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक विकास गंगा की तेज धारा में बह गया। हादसे की खबर मिलते ही विकास के परिजन भी घाट पर पहुंच गए। बेटे के लापता होने की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। विकास के पिता संजय कुमार ने बताया कि उनका बेटा अपने दोस्त के साथ गंगा में नहाने की बात कहकर घर से निकला था। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द बच्चे की तलाश शुरू कराने की अपील की।
SDRF को दी गई सूचना
घटना की जानकारी मिलते ही बख्तियारपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने स्थानीय लोगों और परिजनों से घटना की जानकारी ली। अंचलाधिकारी पवन कुमार साह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही SDRF टीम को जानकारी दे दी गई है। टीम के पहुंचने के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया जाएगा। फिलहाल स्थानीय गोताखोरों की मदद से भी गंगा में किशोर की तलाश की जा रही है। प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है और रेस्क्यू ऑपरेशन की तैयारी चल रही है। प्रशासन की कोशिश है कि जल्द से जल्द उसकी तलाश पूरी की जा सके।
(बाढ़ से रवि शंकर शर्मा की रिपोर्ट)

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

शिक्षिका की कलम, कुमार सानू की आवाज रिलीज हुआ खास राष्ट्रगीत...एक बार जरूर सुने!

15 अगस्त से पहले मोतिहारी में बड़ा खेल! मंदिर के पीछे उतर रही थी बड़ी खेप, पुलिस ने मारा छापा







