सरिया के जंगल में मिला वयस्क हाथी का शव, ग्रामीणों द्वारा हत्या की आशंका
गिरिडीह के सरिया थाना क्षेत्र से सटे धवारी गांव के जंगल में एक वयस्क हाथी का शव बरामद हुआ है. हजारीबाग के डीएफओ विकास उज्ज्वल ने टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है. आशंका जताई जा रही है कि फसलों और घरों को नुकसान पहुंचाने से नाराज ग्रामीणों ने हाथी को मार डाला.

Giridih, Jharkhand: गिरिडीह जिले के सरिया थाना इलाके के धवारी गांव से सटे जंगल में एक वयस्क हाथी का शव मिलने से हड़कंप मच गया है. जंगल के एक हिस्से से तीव्र दुर्गंध आने के बाद जब स्थानीय ग्रामीणों की नजर उस ओर गई, तो झाड़ियों के बीच हाथी का शव पड़ा मिला. जिस क्षेत्र में शव मिला है, वह हजारीबाग वन प्रभाग के अधिकार क्षेत्र में आता है. घटना की सूचना मिलते ही हजारीबाग के डीएफओ विकास उज्ज्वल वन विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की.
तीन से चार दिन पुराना है शव
डीएफओ विकास उज्ज्वल ने प्राथमिक जांच के बाद बताया कि हाथी की मौत करीब तीन से चार दिन पहले ही हो चुकी थी. शव के काफी सड़ जाने के कारण जंगल में तेज दुर्गंध फैल गई थी. वन विभाग के अधिकारियों ने मौके की स्थिति को देखते हुए फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए हैं. डीएफओ के निर्देश पर डॉक्टरों की एक विशेष टीम द्वारा हाथी के शव का पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, ताकि मौत के सही कारणों का पता चल सके.
ग्रामीणों के आक्रोश का शिकार होने की आशंका
स्थानीय स्तर पर यह चर्चा बेहद आम है कि जंगली हाथियों के दल द्वारा लगातार किए जा रहे हमलों और तांडव से ग्रामीण बेहद आक्रोशित थे. हाथियों ने क्षेत्र में फसलों और मकानों को भारी नुकसान पहुंचाया था. आशंका जताई जा रही है कि इसी गुस्से में आकर ग्रामीणों ने हाथी को घेरकर उसकी हत्या कर दी. वन विभाग इस बिंदु को केंद्र में रखकर जांच को आगे बढ़ा रहा है कि क्या हाथी को जहर दिया गया या किसी अन्य हिंसक तरीके से उसे मौत के घाट उतारा गया.
(गिरिडीह से मनोज कुमार पिंटू की रिपोर्ट)
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

मेराल थाना पहुंचे डीआईजी किशोर कौशल, कार्यप्रणाली और अपराध नियंत्रण व्यवस्था की समीक्षा

सदर अस्पताल रांची में जटिल ऑपरेशन सफल, डेढ़ किलो की बढ़ी हुई तिल्ली निकाली गई, आयुष्मान योजना के तहत मिला निःशुल्क उपचार







