2. रात होते ही सड़कों पर उतरी रांची पुलिस, 25 से ज्यादा इलाकों में चला सघन चेकिंग अभियान
अपराध पर लगाम लगाने और शहर में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए रांची पुलिस ने शनिवार को बड़े स्तर पर चेकिंग अभियान चलाया।


Ranchi: अपराध पर लगाम लगाने और शहर में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए रांची पुलिस ने शनिवार को बड़े स्तर पर चेकिंग अभियान चलाया। शहर और ग्रामीण इलाकों के प्रमुख चौक-चौराहों समेत 25 से ज्यादा जगहों पर पुलिस की टीमें एक साथ सड़कों पर नजर आईं।
सुजाता चौक, न्यू मार्केट चौक, खेलगांव, शहीद मैदान, चांदनी चौक और बिरसा चौक समेत कई अहम जगहों पर पुलिस ने वाहनों की जांच की। अलग-अलग थानों की टीमों ने मिलकर यह अभियान चलाया।
संदिग्धों और वाहनों पर पुलिस की पैनी नजर
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान का मकसद असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाना और रात के समय होने वाले अपराधों को रोकना है। पुलिस टीमों ने आने-जाने वाले वाहनों की जांच के साथ संदिग्ध लोगों से भी पूछताछ की।
पुलिस की मौजूदगी बढ़ने से शहर के प्रमुख इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत नजर आई। पुलिस का कहना है कि इस तरह की चेकिंग आगे भी जारी रहेगी।
शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों की भी हुई जांच
अपराध रोकने के साथ सड़क सुरक्षा को लेकर भी पुलिस ने सख्ती दिखाई। प्रमुख चौक-चौराहों और मुख्य सड़कों पर ड्रंकन ड्राइविंग के खिलाफ अभियान चलाया गया। शराब के नशे में वाहन चलाने वालों की जांच की गई, ताकि सड़क हादसों पर रोक लगाई जा सके।
पुलिस ने लोगों से मांगा सहयोग
रांची पुलिस ने शहरवासियों से अपील की है कि सुरक्षा जांच के दौरान पुलिस का सहयोग करें। साथ ही अगर किसी इलाके में कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई देती है तो इसकी जानकारी तुरंत नजदीकी थाना या 112 पर दें।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









