महंगी कोचिंग के खर्च से मिलेगी मुक्ति!, कॉम्पिटिटिव एग्जाम्स के लिए सरकार बनाएगी डिजिटल प्लेटफॉर्म, PM मोदी का ऐलान
देश आज 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है।


80th Independence Day: देश आज 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को लाल किले की प्राचीर से राष्ट्र को संबोधित किया। करीब सवा घंटे के अपने संबोधन में PM मोदी ने 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए देश की विकास रफ्तार तेज करने का आह्वान किया। उन्होंने इसके लिए सप्तशक्ति को मजबूत करने पर जोर दिया।
PM मोदी ने कहा कि देश को सपनों को संकल्प, संकल्प को सामर्थ्य और सामर्थ्य को सफलता में बदलने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ना होगा। उन्होंने अपने संबोधन में सरकार की पिछले 12 वर्षों की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए आत्मनिर्भर भारत को सबसे महत्वपूर्ण प्रयासों में से एक बताया।
विकसित भारत के लिए ये हैं मोदी की सप्तशक्ति
प्रधानमंत्री ने 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सात प्रमुख क्षेत्रों पर विशेष जोर दिया। इनमें उत्पादन, कृषि और खाद्य प्रसंस्करण, तकनीक और नवाचार, गति शक्ति, रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता, हरित अर्थव्यवस्था और भारत की सॉफ्ट पावर शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में तेजी से काम करने से भारत को वैश्विक स्तर पर और मजबूत बनाया जा सकता है।
वैश्विक संकट के बीच आत्मनिर्भर भारत की जरूरत
PM मोदी ने कहा कि दुनिया तेजी से बदल रही है और कई देश आपूर्ति श्रृंखला को रणनीतिक हथियार की तरह इस्तेमाल कर रहे हैं। ऐसे समय में भारत का आत्मनिर्भर बनना पहले से कहीं ज्यादा जरूरी हो गया है।
उन्होंने पश्चिम एशिया के संकट का जिक्र करते हुए कहा कि मुश्किल परिस्थितियों के बावजूद देश मजबूत बना रहा। प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले वर्षों में आत्मनिर्भरता को लेकर किए गए प्रयासों का फायदा ऐसे संकट के समय दिखाई दिया।
85 हजार करोड़ की 'समुद्र मंथन' योजना का ऐलान
प्रधानमंत्री ने तेल और खनिज संसाधनों की खोज को लेकर 85 हजार करोड़ रुपये की 'समुद्र मंथन' योजना शुरू करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि समुद्र के बड़े हिस्से में अब तक खनिजों की खोज पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया।
PM मोदी ने कहा कि समुद्री संसाधनों की खोज और उनके इस्तेमाल से भारत की आत्मनिर्भरता को नई ताकत मिल सकती है।
युवाओं को 2047 के विकसित भारत से जोड़ना जरूरी
प्रधानमंत्री ने युवाओं को 2047 के विकसित भारत का सबसे बड़ा लाभार्थी बताया। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं को इस लक्ष्य से जोड़ना बेहद जरूरी है, क्योंकि आने वाले समय में विकसित भारत की जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर होगी।
उन्होंने युवाओं को कथित 'दिमागी नक्सलवाद' से सावधान रहने की अपील भी की। PM मोदी ने कहा कि देश को हिंसक नक्सलवाद के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है, लेकिन अब वैचारिक स्तर पर समाज को भटकाने वाली कोशिशों को पहचानने और उनसे सावधान रहने की जरूरत है।
एक साल में एक करोड़ युवाओं को AI ट्रेनिंग देने का ऐलान
PM मोदी ने युवाओं को लेकर कई बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि देश एक साल में एक करोड़ युवाओं को Artificial Intelligence (AI) का प्रशिक्षण देगा। इसका उद्देश्य युवाओं को भविष्य की तकनीक के लिए तैयार करना और रोजगार के नए अवसरों से जोड़ना है।
प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन कोचिंग का पूरा ढांचा
प्रधानमंत्री ने कहा कि कई परिवारों को बच्चों की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए महंगी कोचिंग का खर्च उठाना पड़ता है। इसे ध्यान में रखते हुए भारत अपने डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर का इस्तेमाल कर विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन कोचिंग का पूरा ढांचा तैयार करेगा।
उन्होंने कहा कि इससे देश के दूर-दराज के इलाकों में रहने वाले छात्रों को भी बेहतर तैयारी का अवसर मिल सकेगा।
2036 Olympics के लिए कम उम्र में शुरू होगी प्रतिभा खोज
प्रधानमंत्री ने 2036 Olympics की तैयारी को लेकर भी बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि जिन खेलों में भारत की भागीदारी अभी नहीं है, उनमें 5 से 15 वर्ष की उम्र के बच्चों के लिए प्रतिभा खोज कार्यक्रम चलाया जाएगा।
इसका उद्देश्य कम उम्र में प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है।
महिलाओं को 33% आरक्षण पर सभी दलों से सहयोग की अपील
PM मोदी ने सभी राजनीतिक दलों से लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने से जुड़े विधेयक को पारित कराने में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना देश के लोकतांत्रिक विकास के लिए महत्वपूर्ण है।
जनगणना में सहयोग करने की अपील
प्रधानमंत्री ने देशवासियों से आगामी जनगणना में सहयोग करने की भी अपील की। उन्होंने लोगों से जनगणना के दौरान पूछे जाने वाले सवालों के लिए तैयार रहने और आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने को कहा।
छोटे उद्योगों को वैश्विक बाजार का फायदा उठाने की सलाह
अपने संबोधन में PM मोदी ने भारत के विभिन्न देशों के साथ हुए Free Trade और अन्य समझौतों का भी जिक्र किया। उन्होंने देश के छोटे उद्योगों से इन समझौतों का लाभ उठाकर वैश्विक बाजार में अपनी पहुंच बढ़ाने की अपील की।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत के छोटे उद्योग और MSME देश की आर्थिक ताकत हैं और उन्हें दुनिया के बाजारों में अपनी जगह बनाने के लिए नए अवसरों का इस्तेमाल करना चाहिए।
नागरिकों को भी मिलेगा Civil Defence का प्रशिक्षण
PM मोदी ने देश की आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करने के लिए नागरिकों को Civil Defence का प्रशिक्षण देने की बात कही। उन्होंने कहा कि आपदा और आपात स्थिति से निपटने के लिए आम नागरिकों को भी प्रशिक्षित किया जाना जरूरी है।
लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री का यह संबोधन 2047 के विकसित भारत के लक्ष्य, आत्मनिर्भरता, तकनीक, युवाओं, सुरक्षा और आर्थिक विकास पर केंद्रित रहा।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

प्रधानमंत्री तो बने, लेकिन 15 अगस्त को लाल किले से नहीं दे पाए भाषण, जानिए कौन थे वो 2 PM

PM मोदी ने लगातार 13वीं बार फहराया तिरंगा, लाल किले पर पहली बार गूंजा ‘वंदे मातरम्’ का पूरा संस्करण, फिर बजा राष्ट्रगान







