वाह रे स्वास्थ्य व्यवस्था! टूटे हाथ पर कार्टून लगाकर कर दी पट्टी, सरकारी अस्पताल का वीडियो वायरल
मोतिहारी के संग्रामपुर पीएचसी में घायल महिला के हाथ पर कथित तौर पर कार्टून का टुकड़ा लगाकर बैंडेज करने का वीडियो वायरल है। परिजनों ने सदर अस्पताल में भी कार्टून के ऊपर पट्टी बांधने का आरोप लगाया है। सिविल सर्जन ने जांच का भरोसा दिया है।


मोतिहारी: पूर्वी चंपारण की सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। संग्रामपुर पीएचसी में मारपीट में घायल महिला के गंभीर रूप से चोटिल हाथ पर कथित तौर पर कार्टून का टुकड़ा लगाकर बैंडेज करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। आरोप है कि महिला को मोतिहारी सदर अस्पताल रेफर किए जाने के बाद वहां भी कार्टून हटाए बिना उसके ऊपर ही पट्टी बांध दी गई। वीडियो सामने आने के बाद सरकारी अस्पतालों में मरीजों के इलाज और उपलब्ध संसाधनों को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
बताया जाता है कि संग्रामपुर थाना क्षेत्र के पासवान टोला में जमीन विवाद को लेकर रमेश पासवान और उनकी पत्नी कुंती देवी के साथ उनके पाटीदारों ने मारपीट की। घटना में रमेश पासवान की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी कुंती देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। महिला के हाथ में गंभीर चोट लगने की बात बताई जा रही है।
कार्टून के टुकड़े के ऊपर बांधी गई पट्टी?
परिजनों का आरोप है कि घायल कुंती देवी को इलाज के लिए संग्रामपुर पीएचसी ले जाया गया। वहां उनके घायल हाथ को सहारा देने के लिए कथित तौर पर कार्टून का टुकड़ा लगाया गया और उसके ऊपर बैंडेज कर दी गई। महिला की हालत को देखते हुए उसे मोतिहारी सदर अस्पताल रेफर किया गया। परिजनों का दावा है कि सदर अस्पताल पहुंचने के बाद भी कार्टून को हटाकर उचित चिकित्सकीय प्रक्रिया अपनाने के बजाय उसी के ऊपर पट्टी बांध दी गई।
वीडियो ने खड़े किए स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर स्वास्थ्य विभाग और सरकारी अस्पतालों की कार्यप्रणाली को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। लोगों का सवाल है कि गंभीर रूप से घायल मरीज के इलाज के लिए अस्पताल में आवश्यक चिकित्सकीय संसाधन उपलब्ध नहीं थे या फिर इलाज के दौरान लापरवाही बरती गई।
कुंती देवी के मुताबिक, जमीन विवाद में हुई मारपीट के दौरान उनके पति की मौत हो गई और उन्हें भी गंभीर चोटें आईं। उनका आरोप है कि पहले संग्रामपुर अस्पताल में उनके टूटे हाथ पर कार्टून लगाकर बैंडेज की गई और बाद में सदर अस्पताल में भी उसी कार्टून के ऊपर पट्टी बांध दी गई।
जांच के बाद होगी कार्रवाई
हालांकि, वायरल वीडियो और परिजनों के आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। मामले को लेकर पूर्वी चंपारण के सिविल सर्जन डॉ. दिलीप कुमार ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में आया है। पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। जांच में यदि किसी डॉक्टर या कर्मी की लापरवाही सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
अब सवाल यह है कि सरकारी अस्पताल में घायल मरीज के उपचार के दौरान ऐसी स्थिति क्यों सामने आई और क्या वास्तव में इलाज में लापरवाही बरती गई। जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।
(मोतिहारी से प्रतिक सिंह की रिपोर्ट)

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

राष्ट्रीय खेल दिवस पर नवहट्टा में सहरसा DM का 'सरप्राइज इंस्पेक्शन’, पशु चिकित्सालय में डॉक्टर मिले अनुपस्थित!

नेपाल में फंसे 100 तीर्थयात्रियों के लिए ‘मसीहा’ बना बिहार! रातों-रात रेस्क्यू, ट्रेन में जुड़ीं 2 एक्स्ट्रा बोगियां







