राष्ट्रीय खेल दिवस पर नवहट्टा में सहरसा DM का 'सरप्राइज इंस्पेक्शन’, पशु चिकित्सालय में डॉक्टर मिले अनुपस्थित!
राष्ट्रीय खेल दिवस पर सहरसा DM दीपेश कुमार ने बराही के मॉडल स्कूल और पशु चिकित्सालय का निरीक्षण किया। स्कूल में खेल और बेहतर शिक्षा पर जोर दिया, जबकि पशु अस्पताल में डॉक्टर अनुपस्थित मिलने पर कार्रवाई के संकेत दिए।


सहरसा: राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर सहरसा जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने नवहट्टा प्रखंड के बराही क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल स्कूल का निरीक्षण कर विद्यालय में शिक्षा व्यवस्था, विद्यार्थियों को मिलने वाली सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वहीं, प्रथम वर्गीय पशु चिकित्सालय बराही के निरीक्षण के दौरान डॉक्टर के अनुपस्थित पाए जाने पर जिलाधिकारी ने आवश्यक कार्रवाई के संकेत दिए।
पढ़ाई के साथ खेल पर भी फोकस
मॉडल स्कूल के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर जोर देते हुए पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद की गतिविधियों को बढ़ावा देने की बात कही। उन्होंने बताया कि सहरसा जिले में कुल 15 मॉडल स्कूल संचालित हैं, जिनमें नवहट्टा प्रखंड के बराही में भी एक मॉडल स्कूल शामिल है।
जिलाधिकारी ने कहा कि मॉडल स्कूल में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए अतिरिक्त व्यवस्थाएं की जा रही हैं। इनमें लाइव क्लास और विद्या साथी ऐप जैसी सुविधाएं शामिल हैं। इन माध्यमों से विद्यार्थियों को शिक्षकों से जुड़ने और अपनी समस्याओं का समाधान कराने की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
पशु अस्पताल में डॉक्टर नहीं मिले
निरीक्षण के दौरान विद्यालय में सामने आई समस्याओं को जिलाधिकारी ने गंभीरता से लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ खेल के क्षेत्र में भी आगे बढ़ाने पर विशेष जोर दिया।
इसके बाद जिलाधिकारी ने बराही स्थित प्रथम वर्गीय पशु चिकित्सालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान चिकित्सक अनुपस्थित पाए गए। जिलाधिकारी ने अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ उपलब्ध दवाइयों की भी जांच की। उन्होंने पशु चिकित्सा सेवाओं, दवाइयों की उपलब्धता और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली।
डॉक्टर की अनुपस्थिति को लेकर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए आवश्यक कार्रवाई की बात कही। साथ ही पशु चिकित्सालय की व्यवस्था में सुधार के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
(सहरसा से इंद्रदेव की रिपोर्ट)

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

नेपाल में फंसे 100 तीर्थयात्रियों के लिए ‘मसीहा’ बना बिहार! रातों-रात रेस्क्यू, ट्रेन में जुड़ीं 2 एक्स्ट्रा बोगियां

बिहार के 800 शिक्षकों पर लटकी कार्रवाई की तलवार! PhD से LLB तक की पढ़ाई बनी मुसीबत, अब हाजिरी से खुलेगा पूरा राज







