बोकारो में जंगली हाथियों का आतंक जारी, अब 2 लोगों को रौंदकर मार डाला, घायलों से मिलने RIMS पहुंचे मंत्री
बोकारो में जंगली हाथियों का आंतक लगातार बढ़ते ही जा रहा है. शुक्रवार की देर शाम हाथियों एक बार फिर दो लोगों की जान ली. यह घटना महुआटांड़ पंचायत के गांगपुर गांव की है, जहां हाथियों ने 2 लोगों को कुचलकर मार डाला. हमले में 4 अन्य लोग घायल हुए है.

Ranchi News: बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड में जंगली हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है. शुक्रवार की देर शाम हाथियों के झुंड ने एक बार फिर दो लोगों की जान ली. यह घटना महुआटांड़ पंचायत के गांगपुर गांव की है, जहां हाथियों ने सोमर साव (50 वर्ष) और उनके पोते आयुष कुमार (9 वर्ष) को कुचलकर मार डाला.
वहीं हाथियों के हमले में 4 अन्य लोग घायल हुए है जिनका रांची स्थित रिम्स अस्पताल में इलाज चल रहा है. इस बीच आज सूबे के स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी और उत्पादन विभाग के मंत्री योगेंद्र प्रसाद यादव रिम्स पहुंचे. जहां घायल हुए लोगों से उन्होंने मुलाकात करते हुए उनका हाल जाना.
जंगली हाथियों के हमले से घायल लोगों में राशि कुमारी (12 वर्ष) और राहुल कुमार (8 वर्ष) समेत और मृतक सोमर साव की समधन महिला (52 वर्ष) भी गंभीर रूप से घायल हो गई है. जिनका इलाज RIMS में चल रहा है. इन घायलों का हाल जाने के लिए गोमिया विधानसभा क्षेत्र से विधायक और सूबे के मंत्री योगेंद्र प्रसाद के साथ स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी रिम्स पहुंचे. जहां मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने घायलों के परिवार वालों से बातचीत की. इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों को बेहतर इलाज के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
मृतकों को 4 लाख और घायलों को 1-1 लाख का मुआवजा
मौके पर मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि जो सरकारी प्रावधान के तहत मृतकों और घायलों को मुआवजा दिया जाना है उसके अनुरूप उन्हें मुआवजा दिया जा रहा है. उन्होंने बताया कि जिनकी मौत हुई है उन्हें 4 लाख रुपये और जो भी घायल हैं उन्हें 1 -1 लाख रुपये दिये जा रहे हैं. लेकिन हमारी यह कोशिश है जान ना जाए.
सीएम को भी दी गई संबंधित जानकारी- मंत्री योगेंद्र
वहीं, मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने अपने विधानसभा क्षेत्र के घायलों से मिलकर उनका हाल जाना और उनके स्वास्थ्य लाभ के कामना की. उन्होंने बताया कि शुक्रवार की देर रात हाथियों के झुंड ने गांव में प्रवेश किया और ग्रामीणों पर हमला कर दिया है जिसमें दो लोगों की मौत हुई है और पांच लोग घायल है. उन्होंने बताया कि हाथियों का झुंड लगातार गांव में घुसकर जान माल की क्षति पहुंचा रहा है इस संबंध में मुख्यमंत्री को भी जानकारी दी गई है. एक QRT टीम बनाई गई है जो हाथी को इंजेक्शन देकर उसे बेहोश करेगा और डल्मा के जंगलों में ले जाने की कोशिश जारी है. उन्होंने यह भी बताया कि ग्रामीणों को हाथी से बचने के लिए टॉर्च मशाल ,सोलर लाइट भी मुहैया कराई जा रही है.
बीते 5 फरवरी को हाथियों ने 3 लोगों को रौंदकर मारा
आपको बता दें, बीते, 5 फरवरी की अहले सुबह को भी जंगली हाथियों के एक झुंड ने गोमिया प्रखंड के महुआटांड़ थाना इलाके स्थित बड़कीपुन्नू करमाली टोला में जमकर उत्पात मचाया था. यहां हाथियों ने एक ही परिवार के तीन लोगों (दो महिला और एक पुरूष) को रौंदकर मार डाला था. रिपोर्ट्स के मुताबिक, जंगली हाथियों का झुंड अचानक गुरुवार (5 फरवरी 2026) की सुबह गांव में घुस आया. और इसके बाद हाथियों ने एक ही परिवार के तीन लोगों को कुचल कर मार डाला. हाथियों के इस हमले में गंगा करमाली (65 वर्ष), पत्नी कमली देवी (62 वर्ष) और बड़ी गौतनी भकिया देवी (65 वर्ष) की मौत हुई थी.
रिपोर्ट- तनय खंडेलवाल
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

झारखंड के स्वास्थ्य ढांचे में बड़ा बदलाव: रांची सदर अस्पताल में बनेगा 200 बेड का सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक

Assembly Elections 2026: किस राज्य में कितने प्रतिशत हुई वोटिंग, असम में यहां 95 प्रतिशत से अधिक जनता ने किया मतदान







