Motihari (Bihar): पूर्वी चंपारण में शराब तस्करों और नशे के कारोबारियों द्वारा होली को रंगीन बनाने के नाम पर ‘नशे’ का खेल खेलने की तैयारी की जा रही थी लेकिन मोतिहारी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शराब तस्करों के मंसूबे पर पानी फेरना शुरू कर दिया है.
आपको बता दें, रंगों के पावन पर्व होली को शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर मोतिहारी पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के निर्देश के बाद पूरे जिले में शराब तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान शुरू कर दिया गया है. इस बीच अभियान के तहत मुफस्सिल क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पुलिस की टीम को बड़ी कामयाबी हासिल हुई है. जानकारी के अनुसार, टीम ने जमीन खोदकर उसमें भारी मात्रा में छिपाकर रखी गई ब्रांडेड विदेशी शराब बरामद की है.
दरअसल, पुलिस को पुख्ता गुप्त सूचना मिली थी कि शराब तस्करों ने होली में ऊंचे दामों में खपाने के उद्देश्य से भारी मात्रा में विदेशी शराब का भंडारण कर रखा है इस सूचना के बाद एसपी के निर्देश पर सदर ALTF प्रभारी धर्मवीर कुमार चौधरी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम का गठन किया गया. जिसके बाद यह टीम मधुबनी घाट इलाके में छापेमारी करने पहुंची. सघन तलाशी अभियान के दौरान पुलिस की टीम ने जमीन खोदकर छिपाई गई करीब 150 से अधिक ब्रांडेड विदेशी शराब की बोतलें बरामद की.
हालांकि, शराब की यह बरामदगी इस बात का संकेत दे रहा है कि तस्कर त्योहार के मौके पर बड़े नेटवर्क के जरिए अवैध कारोबार को अंजाम देने की तैयारी में थे. सदर ALTF प्रभारी धर्मवीर कुमार चौधरी ने बताया कि शराब तस्करों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस आसपास के क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चला रही है ताकि किसी भी तरह की अवैध गतिविधि पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सकें.
वहीं, मोतिहारी पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने स्पष्ट निर्देश दे दिया है कि होली के दौरान कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा. जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में विशेष निगरानी, गश्ती और चेकिंग अभियान तेज कर दिए गए हैं. होली से पहले हुई इस बड़ी कार्रवाई से शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया है. पुलिस की सख्ती ने साफ संकेत दे दिया है कि इस बार होली में अवैध शराब कारोबारियों की दाल नहीं गलने वाली.
रिपोर्ट- प्रतिक सिंह








