13 साल से फरार चल रहा वारंटी रांची से गिरफ्तार, पहचान बदलकर...
सिमडेगा पुलिस ने 13 वर्षों से फरार स्थायी वारंटी निका कुमार लोहरा उर्फ निका तिर्की को रांची से गिरफ्तार किया। आरोपी मानव तस्करी और अपहरण के मामले में वांछित था।

Simdega: सिमडेगा जिले की पुलिस को लंबे समय से फरार चल रहे अपराधियों की धरपकड़ के अभियान में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। बानो पुलिस निरीक्षक कार्यालय में बुधवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिस निरीक्षक भिखारी राम ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर महाबुआंग थाना प्रभारी पंकज प्रमाणिक के नेतृत्व में बनी टीम ने 13 वर्षों से फरार चल रहे स्थायी वारंटी को रांची से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान निका कुमार लोहरा उर्फ निका तिर्की (37 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से सिमडेगा के महाबुआंग थाना क्षेत्र स्थित सिम्हातु का रहने वाला है। वह रांची के नगड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत डाहुटोली बालालोंग में अपनी पहचान छिपाकर रह रहा था। गुप्त सूचना और तकनीकी सहयोग के आधार पर पुलिस टीम ने 25 अगस्त 2026 की रात रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र से उसे धर दबोचा।
मानव तस्करी और अपहरण के संगीन मामले में 2014 से था फरार
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ बानो थाना में साल 2014 (कांड संख्या 08/2014) में मानव तस्करी, अपहरण और अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम (ITP Act) की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। इस मामले (ST-02/18 एवं GR-47/14(S)) में वह पिछले 13 वर्षों से लगातार पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था और अदालत से उसके खिलाफ स्थायी वारंट जारी हुआ था।
फरार वारंटियों के खिलाफ अभियान जारी, छापामारी टीम को मिली सफलता
पुलिस निरीक्षक भिखारी राम ने स्पष्ट किया कि जिले में फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है, उसी की परिणति में महाबुआंग पुलिस को यह सफलता मिली है। इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाले छापामारी दल में थाना प्रभारी पुअनि पंकज प्रमाणिक के साथ पुअनि अनिल कुमार हांसदा, हवलदार दाऊद मुंडु, लाठी चालक जाहुल हक और चौकीदार गजेंद्र राम शामिल थे।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

पलामू में गांजा तस्करी का बड़ा खुलासा, कार से 121 किलो गांजा बरामद ; दो गिरफ्तार

रक्षाबंधन से पहले झारखंड की बहनों को बड़ा तोहफा!, रांची की 3.95 लाख महिलाओं के खाते में पहुंचे ₹2,500







