नंबर प्लेट बदलकर सस्ते में बेचते थे चोरी की बाइक, हटिया DSP की टीम ने 8 शातिर अपराधियों को दबोचा
रांची में हटिया DSP के नेतृत्व में पुलिस ने बाइक चोरी गिरोह के आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर 10 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद हुईं।

Ranchi Crime News: रांची पुलिस ने शहर और आसपास के इलाकों में बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के मुख्य सरगना समेत कुल आठ अपराधियों को धर दबोचा है। पकड़े गए आरोपियों में मुख्य आरोपी भरत बैठा के अलावा सुनील करमाली, रोहित उरांव, रोहित कुमार मुंडा और प्रदीप उरांव शामिल हैं। दरअसल, धुर्वा थाना क्षेत्र के सिठियो स्थित स्वर्णरेखा नदी पुल के पास पुलिस की टीम वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक ही बाइक पर सवार तीन संदिग्धों ने पुलिस को देखते ही भागने की कोशिश की, जिन्हें मुस्तैद पुलिस बल ने खदेड़कर धर दबोचा। जांच करने पर उनके पास मौजूद मोटरसाइकिल चोरी की निकली।
साप्ताहिक हाट से चुराते थे गाड़ियां, नंबर प्लेट बदलकर ग्रामीण इलाकों में बेचते थे
थाने लाकर कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे पूरा एक संगठित गिरोह चला रहे थे। ये लोग मुख्य रूप से विभिन्न ग्रामीण इलाकों के साप्ताहिक हाट-बाजारों को निशाना बनाते थे और वहां से मोटरसाइकिलें चुरा लेते थे। चोरी के बाद गाड़ियों के फर्जी नंबर प्लेट लगा दिए जाते थे और उन्हें ग्रामीण इलाकों में सस्ते दामों में बेच दिया जाता था। पुलिस ने इस गिरोह की निशानदेही पर चोरी की 10 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। गिरफ्तार मुख्य आरोपी भरत बैठा का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और उस पर हत्या व चोरी जैसे कुल 11 संगीन मुकदमे दर्ज हैं। इस कार्रवाई से रांची और पड़ोसी जिलों की दर्जनों चोरी की घटनाओं की गुत्थी सुलझ गई है।
रांची SSP के निर्देश पर बनी विशेष टीम, तीन थानों की पुलिस ने की संयुक्त कार्रवाई
बाइक चोर गिरोह पर शिकंजा कसने के लिए रांची SSP के निर्देश पर हटिया DSP नीरज कुमार झा के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई थी। इस सफल छापेमारी अभियान में धुर्वा, जगन्नाथपुर और टाटीसिल्वे थानों के थाना प्रभारियों के साथ-साथ पुलिस के कई अधिकारियों और जवानों ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र के वाहन चोरों में हड़कंप मच गया है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

चश्मे से हमेशा के लिए आजादी!, रांची के IRIS में आधुनिक LASIK OT शुरू, सिर्फ 2 मिनट में होगा लेजर ट्रीटमेंट

दुमका पुलिस ने लौटाए 15 लोगों के खोए मोबाइल, फोन वापस मिलते ही खिल उठे चेहरे







