कोलकाता चप्पल खरीदने जा रहे रांची के दो चचेरे भाइयों की खड़गपुर में दर्दनाक मौत, 6 महीने की बच्ची के सिर से उठा पिता का साया
रांची से कोलकाता चप्पलों की थोक खरीदारी करने जा रहे व्यवसायियों की स्कॉर्पियो गाड़ी पश्चिम बंगाल के खड़गपुर-झाड़ग्राम के पास भीषण हादसे का शिकार हो गई।


Ranchi: रांची से कोलकाता चप्पलों की थोक खरीदारी करने जा रहे व्यवसायियों की स्कॉर्पियो गाड़ी पश्चिम बंगाल के खड़गपुर-झाड़ग्राम के पास भीषण हादसे का शिकार हो गई। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और ट्रक के बीच हुई जोरदार टक्कर में गाड़ी सवार दो चचेरे भाइयों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों की पहचान रांची के कर्बला चौक चिश्तिया नगर निवासी मो वसीम और मो अकरम के रूप में हुई है। वहीं हादसे में घायल हुए चर्च रोड निवासी दुकान मालिक सोनू कुमार और हिंदपीढ़ी के मो. सैफ को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। खड़गपुर में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद रविवार को दोनों भाइयों के शव रांची लाए गए, जिसके बाद रातू रोड कब्रिस्तान में गमगीन माहौल के बीच उन्हें सुपुर्दे खाक किया गया।
अनियंत्रित होकर ट्रक में जा घुसी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो
चिश्तिया नगर के मो छोटू ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि वसीम, अकरम और सैफ तीनों डॉ फतेउल्लाह रोड स्थित एक चप्पल दुकान में काम करते थे। दुकान मालिक सोनू कुमार तीनों कर्मचारियों को साथ लेकर शनिवार को चप्पलों की खरीदारी के लिए अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी से कोलकाता जा रहे थे। गाड़ी खुद सोनू कुमार ही चला रहे थे। यात्रा के दौरान खड़गपुर के पास अचानक स्कॉर्पियो अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक से सीधे जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में अकरम और वसीम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि सोनू के सिर में गंभीर चोट आई है और सैफ का जबड़ा टूट गया है।
6 महीने की मासूम के सिर से उठा पिता का साया, रो-रोकर बुरा हाल
दो जवान भाइयों की अचानक मौत की खबर मिलते ही चिश्तिया नगर स्थित उनके घर पर कोहराम मच गया। रविवार को जब वसीम का शव घर पहुंचा तो उसकी पत्नी बार-बार बेहोश हो रही थी। वह अपनी छह महीने की दूधमुंही बच्ची को गोद में लेकर रो-रोकर यही गुहार लगा रही थी कि अब इन मासूम बच्चों का क्या होगा। वसीम की पांच छोटी-छोटी बेटियां हैं, जिनमें सबसे छोटी बेटी महज छह महीने की है। इस दिल दहला देने वाले मंजर को देखकर वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं। रविवार दोपहर को चिश्तिया नगर से दोनों भाइयों का जनाजा निकाला गया, जिसमें भारी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए। रातू रोड कब्रिस्तान में जनाजे की नमाज अदा करने के बाद दोनों भाइयों को नम आंखों से सुपुर्दे खाक कर दिया गया।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

रांची में बिजली तार चोरी का खुलासा, 4 बंडल तार के साथ आरोपी गिरफ्तार

नक्सलियों पर नकेल और शानदार पुलिसिंग का मिला इनाम!, फेम इंडिया सर्वे में चमके गिरिडीह SP डॉ. विमल कुमार







