Motihari IMA भवन में डॉक्टरों के लिए प्रशिक्षण शिविर आयोजित, टीबी उन्मूलन को लेकर विशेषज्ञों ने दिया मार्गदर्शन
मोतिहारी के आईएमए भवन में निजी क्लिनिक चला रहे डॉक्टरों के लिए एक विशेष प्रशिक्षण सिविर का आयोजन किया गया. डॉक्टर आशुतोष ने कहा कि ड्रग रेसिस्टेंट टीबी पर जीत संभव है बशर्ते दवा की डोज पूरी होनी चाहिए.

Motihari, Bihar: सरकार द्वारा टीबी उन्मूलन को लेकर लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इसी कड़ी में मोतिहारी के IMA भवन में एचएलएफपीपीटी के प्रोजेक्ट “सशक्ति” के तत्वावधान में चंपारण के निजी चिकित्सकों के लिए एक प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया.
कार्यक्रम में मेजर डॉ. प्रियंका अग्रवाल ने टीबी के लक्षण, जांच और उपचार को लेकर चिकित्सकों को विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने मरीजों की विशेष देखभाल, दवाइयों के सही डोज और उपचार की निरंतरता पर जोर देते हुए कहा कि टीबी उन्मूलन के लिए चिकित्सकों की सक्रिय भूमिका बेहद जरूरी है.
अपने लगभग एक घंटे के प्रशिक्षण सत्र में उन्होंने एचआईवी, एड्स और संक्रमित गर्भवती महिलाओं में टीबी संक्रमण की स्थिति तथा उनके उपचार को लेकर भी विशेष जानकारी दी.
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में पहुंचे बिहार IMA अध्यक्ष डॉ. आशुतोष शरण ने कहा कि यक्ष्मा रोग से मुक्ति के लिए सही डायग्नोसिस और पौष्टिक आहार दोनों जरूरी हैं. उन्होंने कहा कि ड्रग रेसिस्टेंट टीबी के मरीजों की समय पर पहचान कर सही इलाज किया जाए तो बीमारी पर विजय पाई जा सकती है.
उन्होंने कहा कि यदि मरीज बीच में दवा खाना छोड़ देता है या दवा लेने में गैप करता है, तो इलाज प्रभावित होता है. इसलिए हर हाल में दवा का पूरा कोर्स पूरा करना जरूरी है.
डॉ. शरण ने बताया कि सरकार द्वारा मरीजों के लिए सीबी नॉट, ट्रू नॉट और एलपीए जैसी जांचें मुफ्त में उपलब्ध कराई जा रही हैं.
कार्यक्रम के संयोजक एवं सदर अस्पताल यक्ष्मा केंद्र के एमओ डॉ. सुनील ने बताया कि जिले में टीबी की दवा की कोई कमी नहीं है और सरकार मरीजों को मुफ्त दवा उपलब्ध करा रही है. उन्होंने कहा कि जिला यक्ष्मा केंद्र के अलावा शहर के शरण नर्सिंग होम में भी मरीजों का सैंपल कलेक्शन किया जाता है तथा वहां मुफ्त दवा उपलब्ध है.
(मोतिहारी से प्रतीक सिंह की रिपोर्ट)
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

मोतिहारी में करोड़ों के गांजा रैकेट पर पुलिस का बड़ा वार, लग्जरी कार से 22 पैकेट गांजा किया बरामद

औरंगाबाद एनएच-139 पर स्कॉर्पियो ने बाइक सवार को मारी जोरदार टक्कर, मौके पर दो युवक की मौत







