वोट लिया पर सुध नहीं ली, बसंत सोरेन के इलाके में डेढ़ महीने से बिजली गुल!
दुमका जिले के मसलिया प्रखंड अंतर्गत जरगड़ी और उसके आसपास के दर्जनों गांवों में इन दिनों बिजली की लचर व्यवस्था ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है।


Dumka: दुमका जिले के मसलिया प्रखंड अंतर्गत जरगड़ी और उसके आसपास के दर्जनों गांवों में इन दिनों बिजली की लचर व्यवस्था ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। कहने को तो मसलिया अर्बन (शहरी) इलाके में आता है, लेकिन यहां बिजली का आना-जाना किसी आंख-मिचौनी से कम नहीं है। घंटों बिजली गुल रहने और लो वोल्टेज की मार झेल रहे ग्रामीणों का सब्र अब जवाब दे चुका है और उन्होंने बिजली विभाग के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए जमकर विरोध जताया है।
25 KVA का ट्रांसफार्मर बना सिरदर्द, 50 घरों का भी लोड नहीं ले पा रहा
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में महज 25 KVA का छोटा ट्रांसफार्मर लगाया गया है। यह ट्रांसफार्मर गांव के 50 घरों का लोड तक ठीक से नहीं उठा पाता। लोड बढ़ते ही बार-बार एमसीबी (MCB) ट्रिप कर जाती है। पिछले डेढ़ महीने से इलाके के लोग इसी ट्रिपिंग और अंधेरे से बुरी तरह परेशान हैं। गर्मी और उमस के मौसम में बिजली न रहने से बच्चों की पढ़ाई और रोजमर्रा के सारे कामकाज ठप पड़े हैं।
विधायक बसंत सोरेन और विभाग से सिर्फ मिले कोरे आश्वासन
समस्या से तंग आकर ग्रामीणों ने बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ-साथ स्थानीय जेएमएम (JMM) विधायक बसंत सोरेन को भी लिखित आवेदन देकर नया और बड़ा ट्रांसफार्मर लगाने की गुहार लगाई थी। ग्रामीणों का आरोप है कि इतने दिन बीत जाने के बाद भी उन्हें सिर्फ कोरे आश्वासन के अलावा कुछ नहीं मिला। इलाके के अल्पसंख्यक समाज और आम ग्रामीणों में इस बात को लेकर भारी नाराजगी है कि चुनाव के वक्त कोर वोटर मानने वाले नेता जीतने के बाद उनकी बुनियादी समस्याओं से पूरी तरह मुंह मोड़ लेते हैं।
बिजली विभाग के रवैये से पूरे जिले में आक्रोश
पूरे दुमका जिले में बिजली विभाग की लचर कार्यशैली से लोग पहले से ही परेशान चल रहे हैं। जरगड़ी और आसपास के ग्रामीणों ने दो टूक चेतावनी दी है कि अगर जल्द से जल्द बड़ा ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली आपूर्ति सामान्य नहीं की गई, तो वे विभागीय दफ्तर का घेराव कर उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

गोबर-पानी से धोए खून के धब्बे, फिर भी नहीं बच पाया कातिल बेटा!, गुमला में कलयुगी बेटे की दरिंदगी ; गिरफ्तार

227 सामूहिक विवाह, 74 तीर्थ जत्थे और 107 करोड़ की सड़क!, हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल के कार्यों पर बोले BJP अध्यक्ष विवेकानंद सिंह







