घर में चोरी की, फिर उसी पैसे से बनवा रहा था अपना मकान, iPhone की खरीद! ! पुलिस ने ऐसे पकड़ा
कहलगांव के गंगा नगर में चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी चोरी की रकम से अपने घर की ढलाई करा रहा था।


भागलपुर: कहलगांव शहर के गंगा नगर में 6 अगस्त को हुई चोरी के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी राजा सहनी चोरी की रकम से अपने घर की ढलाई करा रहा था। वहीं, उसकी निशानदेही पर चोरी के आभूषण खरीदने वाले एक सोनार को भी पकड़ा गया है। पुलिस ने दोनों के पास से बड़ी संख्या में सोने-चांदी के आभूषण और 22,500 रुपये नकद बरामद किए हैं।
चोरी की रकम से करा रहा था घर की ढलाई
गंगा नगर स्थित एक घर में चोरी की घटना के बाद पीड़ित महिला ने कहलगांव थाने में मामला दर्ज कराया था। इसके बाद पुलिस ने टीम गठित कर लगातार छापेमारी शुरू की।
जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और मिली सूचना के आधार पर पुलिस को पता चला कि चोरी में शामिल एक आरोपी कहलगांव में ही छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सहनी टोला में छापेमारी कर राजा सहनी को पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी चोरी किए गए पैसों से अपने घर की ढलाई करा रहा था। तलाशी के दौरान चोरी की रकम से खरीदा गया मोबाइल फोन भी बरामद किया गया।
पूछताछ के दौरान राजा सहनी से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने चोरी के आभूषण खरीदने वाले कथित सोनार मनीष कुमार को कहलगांव के पुरब टोला से गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, मनीष कुमार की दुकान से चोरी के आभूषण बरामद किए गए हैं।
सोने से लेकर चांदी तक, लंबी है बरामदगी की लिस्ट
पुलिस ने कार्रवाई में सोने और चांदी के कई आभूषण बरामद किए हैं। बरामद सामान में शामिल हैं—
- सोने की 2 अंगूठियां
- 5 सोने के लॉकेट
- 7 सोने के बेसर
- 1 सोने का मंगलसूत्र
- 2 चांदी के गिलास
- 3 चांदी के कटोरे
- 1 चांदी का बिस्किट
- 11 चांदी की पायल
- 1 चांदी की कजरौटी
- 11 चांदी की बिछिया
- 1 चांदी की कमरधानी
- 2 चांदी की अंगूठियां
- 4 चांदी के चम्मच
- 3 चांदी के सिक्के
- 22,500 रुपये नकद
चोरी के पैसों से खरीदा iPhone भी!
पूछताछ में पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि इस मामले में शामिल एक अन्य आरोपी ने कथित तौर पर चोरी की रकम से iPhone खरीदा है। पुलिस अब चोरी में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार राजा सहनी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ चोरी, डकैती समेत कई मामले मुंगेर में दर्ज बताए गए हैं। राजा सहनी मूल रूप से मुंगेर का रहने वाला है और फिलहाल कहलगांव शहर के सहनी टोला में रह रहा था।
पुलिस टीम कर रही लगातार छापेमारी
कार्रवाई में कहलगांव थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार, सूरज कुमार सिंह, संतोष कुमार सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे। पुलिस अब मामले में शामिल अन्य आरोपियों और चोरी की रकम से खरीदे गए सामान की बरामदगी को लेकर जांच आगे बढ़ा रही है। एक घर में हुई चोरी से शुरू हुई जांच अब चोरी की रकम, मकान की ढलाई, मोबाइल फोन, iPhone और चोरी के गहने खरीदने वाले कथित सोनार तक पहुंच चुकी है। पुलिस को उम्मीद है कि बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पूरे मामले की तस्वीर और साफ होगी।
(भागलपुर से अतीश दीपंकर की रिपोर्ट)

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

MGCU के लिए बड़ी खबर! 10 साल बाद कैंपस को लेकर सांसद ने किया बड़ा ऐलान

गुप्ताधाम जाने से पहले जान लें ये नियम! आसमान से बरसेंगे फूल, पहाड़ पर उमड़ेगी भीड़!







