गुप्ताधाम जाने से पहले जान लें ये नियम! आसमान से बरसेंगे फूल, पहाड़ पर उमड़ेगी भीड़!
सावन की अंतिम सोमवारी पर गुप्ताधाम में भारी भीड़ को देखते हुए रोहतास प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पनयारी घाट से गुप्ताधाम तक वन-वे व्यवस्था रहेगी, जबकि 24 अगस्त को हेलीकॉप्टर से कांवरिया पथ और मंदिर परिसर में पुष्पवर्षा प्रस्तावित है।


रोहतास: सावन की अंतिम सोमवारी को लेकर रोहतास के प्रसिद्ध गुप्ताधाम गुप्तेश्वर नाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। लाखों कांवरियों के पहुंचने को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की तैयारी तेज कर दी है। प्रशासन ने पनयारी घाट से गुप्ताधाम तक वन-वे व्यवस्था लागू करने का फैसला लिया है, ताकि श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारू रहे और भीड़ के दबाव से कोई अप्रिय स्थिति न बने।
शुक्रवार को डीएम दीपक कुमार मिश्रा, एसपी मिस्टर राज और वन प्रमंडल पदाधिकारी स्टालिन फिडल कुमार के. ने पनयारी घाट पहुंचकर गुप्ताधाम जाने वाले रास्ते और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
एक रास्ते से जाएंगे, दूसरे से लौटेंगे श्रद्धालु
अंतिम सोमवारी के दिन पनयारी घाट से गुप्ताधाम तक जाने वाले मुख्य पहाड़ी मार्ग पर वन-वे सिस्टम लागू रहेगा। श्रद्धालु एक निर्धारित रास्ते से गुफा की ओर जाएंगे और दर्शन के बाद दूसरे रास्ते से नीचे लौटेंगे। प्रशासन का मानना है कि इससे पहाड़ी रास्ते पर आमने-सामने आने वाली भीड़ को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी और भगदड़ जैसी स्थिति की आशंका कम होगी।
डीएम ने कहा कि अंतिम सोमवारी पर बिहार के अलावा उत्तर प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़ और नेपाल से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और सुगम आवागमन प्रशासन की प्राथमिकता है।
श्रद्धालुओं से लिया फीडबैक
अधिकारियों ने पनयारी घाट से गुप्ताधाम तक बैरिकेडिंग, पेयजल, रोशनी, मेडिकल सुविधा और पैदल मार्ग का निरीक्षण किया। एसपी के मुताबिक घाट से लेकर गुफा तक पर्याप्त पुलिस बल, महिला पुलिसकर्मियों और वनकर्मियों की तैनाती की जाएगी। संवेदनशील स्थानों पर CCTV कैमरों के जरिए निगरानी रखी जाएगी और कंट्रोल रूम से पूरे इलाके पर नजर रखी जाएगी। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद कांवरियों से भी बातचीत की और पेयजल, शौचालय, विश्राम स्थल तथा रास्ते से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली।
अंतिम सोमवारी के दिन श्रद्धालुओं के लिए एक खास इंतजाम भी किया गया है। जिला प्रशासन के अनुसार 24 अगस्त को करमचट डैम से गुप्ताधाम जाने वाले कांवरिया पथ और गुप्ताधाम परिसर में हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा प्रस्तावित है।पर्यटन विभाग, बिहार सरकार की ओर से प्रस्तावित इस पुष्पवर्षा को लेकर इलाके को ड्रोन उड़ाने के लिए नो-फ्लाइंग जोन घोषित किया गया है। प्रशासन का कहना है कि पुष्पवर्षा के दौरान भीड़ और सुरक्षा को देखते हुए सभी जरूरी व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जा रही हैं।
गुप्ताधाम का है पौराणिक महत्व
रोहतास के चेनारी प्रखंड में कैमूर पहाड़ी पर स्थित गुप्ताधाम धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र है। मान्यता है कि भगवान शिव ने भस्मासुर से बचने के लिए इसी गुफा में गुप्त रूप से शरण ली थी। इसी वजह से इस स्थान को गुप्ताधाम के नाम से जाना जाता है। सावन में यहां रोहतास, कैमूर, भोजपुर, बक्सर समेत आसपास के जिलों से श्रद्धालु और कांवरिये पहुंचते हैं। अंतिम सोमवारी पर इस बार भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
(रोहतास से विकास चंदन की रिपोर्ट)

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

MGCU के लिए बड़ी खबर! 10 साल बाद कैंपस को लेकर सांसद ने किया बड़ा ऐलान

‘85% छात्र फेल’ से मचा बवाल, कॉलेज में तोड़फोड़ तक पहुंचा मामला; अब दोबारा होगी परीक्षा!







