सहरसा में नाई समाज का बड़ा जमावड़ा, आरक्षण से लेकर कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा तक उठी मांग
सहरसा में नवनिर्वाचित विधान पार्षद अनिल ठाकुर के अभिनंदन समारोह में नाई समाज ने SC-ST श्रेणी में शामिल करने, केश कला बोर्ड बनाने और कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा स्थापित करने समेत कई मांगें उठाईं।


सहरसा: सहरसा में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं नवनिर्वाचित विधान पार्षद अनिल ठाकुर के अभिनंदन में नाई समाज की ओर से भव्य समारोह का आयोजन किया गया। पूजा बैंक्वेट हॉल में आयोजित कार्यक्रम में समाज के लोगों ने फूल-माला एवं अंगवस्त्र भेंटकर अनिल ठाकुर का स्वागत किया।
नाई समाज को SC-ST में शामिल करने की मांग
समारोह के दौरान नाई समाज को अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (एससी-एसटी) श्रेणी में शामिल करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। वक्ताओं ने कहा कि नाई समाज लंबे समय से सामाजिक और आर्थिक रूप से पिछड़ा हुआ है। उन्होंने अनिल ठाकुर से इस मांग को सरकार और विधान परिषद में मजबूती से रखने का आग्रह किया।
समाज के लोगों ने बिहार में केश कला बोर्ड के गठन की भी मांग की। वक्ताओं का कहना था कि बोर्ड के गठन से नाई समाज के पारंपरिक व्यवसाय, रोजगार और प्रशिक्षण को बढ़ावा मिलेगा तथा युवाओं को प्रशिक्षण के साथ बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध हो सकेंगे।
सहरसा में लगे कर्पूरी ठाकुर की भव्य प्रतिमा
समारोह में जननायक कर्पूरी ठाकुर की सहरसा में भव्य प्रतिमा स्थापित करने की मांग भी रखी गई। वक्ताओं ने कहा कि कर्पूरी ठाकुर ने सामाजिक न्याय और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए जीवनभर संघर्ष किया। उनकी प्रतिमा सहरसा में स्थापित होने से नई पीढ़ी को उनके विचारों और संघर्षों से प्रेरणा मिलेगी।
इसके अलावा समाज के लोगों ने रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड में नाई समाज के लोगों को दुकान लगाने के लिए जगह उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई। वक्ताओं ने कहा कि इससे समाज के लोगों को स्वरोजगार का अवसर मिलेगा और उनके पारंपरिक व्यवसाय को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नाई समाज के लोग मौजूद रहे। सभी ने समाज के अधिकारों और मांगों को लेकर एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।
(सहरसा से इंद्रदेव की रिपोर्ट)

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

MGCU के लिए बड़ी खबर! 10 साल बाद कैंपस को लेकर सांसद ने किया बड़ा ऐलान

गुप्ताधाम जाने से पहले जान लें ये नियम! आसमान से बरसेंगे फूल, पहाड़ पर उमड़ेगी भीड़!







