PM Modi Birthday: बिहार में 25 करोड़ दीये जलाने की तैयारी, BJP का बड़ा अभियान; गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का लक्ष्य
PM मोदी के जन्मदिन पर बिहार में BJP का ‘सेवा संकल्प अभियान’ शुरू होगा। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले अभियान में 25 करोड़ दीये जलाने समेत कई कार्यक्रम होंगे।


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से बिहार में भारतीय जनता पार्टी (BJP) एक महीने तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएगी। बिहारशरीफ में गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेश प्रवक्ता प्रेम रंजन पटेल ने अभियान की पूरी रूपरेखा साझा की। उन्होंने बताया कि यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान सेवा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, युवा भागीदारी और सरकारी योजनाओं से लोगों को जोड़ने समेत कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अभियान का सबसे बड़ा आकर्षण 25 करोड़ दीये जलाने का लक्ष्य होगा। बीजेपी का दावा है कि देशभर में सरकारी योजनाओं का लाभ पा चुके लोगों के घरों में ये दीये जलाए जाएंगे। पार्टी ने इस आयोजन के जरिए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का लक्ष्य भी रखा है।
17 सितंबर से होगी अभियान की शुरुआत
‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। बीजेपी के अनुसार, देशभर में सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के घरों में 25 करोड़ दीये जलाने का लक्ष्य रखा गया है।
पार्टी का कहना है कि ये दीये लाभार्थियों और देशवासियों की ओर से प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन में किए गए सेवा कार्यों के लिए आशीर्वाद के रूप में समर्पित किए जाएंगे। इसी दिन युवा मोर्चा की ओर से रक्तदान शिविर भी आयोजित किया जाएगा।
प्रदेश प्रवक्ता प्रेम रंजन पटेल के मुताबिक, अभियान के जरिए प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों, गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक के सफर और विकास कार्यों को आम लोगों तक पहुंचाने की कोशिश की जाएगी।
स्कूल-कॉलेज से गांव तक होंगे कई कार्यक्रम
अभियान के दौरान स्कूल और कॉलेजों में छात्रों एवं युवाओं को भी जोड़ा जाएगा। 23 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। वहीं 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में ‘कहानी बदलाव’ की थीम पर संगीतमय नाटकों का आयोजन होगा।
बीजेपी पंचायत से लेकर बूथ स्तर तक सोशल मीडिया के जरिए अभियान का प्रचार करेगी। इसके अलावा आंगनबाड़ी केंद्रों पर सेविका-सहायिकाओं को सम्मानित किया जाएगा और बच्चों के बीच फल व मिठाइयां बांटी जाएंगी।
7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकाली जाएगी, जो गांवों से शुरू होकर जिला मुख्यालयों तक पहुंचेगी। वहीं ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। इसके तहत लोगों से कम से कम 25 मिनट सफाई, स्वास्थ्य या अन्य सेवा गतिविधियों में योगदान देने की अपील की जाएगी।
सरकारी योजनाओं से वंचित लोगों तक पहुंचने की तैयारी
‘सेवा सेतु’ अभियान के जरिए ऐसे लोगों तक पहुंचने की योजना है, जो अब तक सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित हैं। बीजेपी कार्यकर्ता ऐसे लोगों को संबंधित योजनाओं की जानकारी देने और लाभ दिलाने में मदद करने का प्रयास करेंगे।
इसके अलावा 1 से 7 अक्टूबर तक अलग-अलग स्थानों पर स्वास्थ्य समेत विभिन्न प्रकार के सेवा शिविर लगाए जाएंगे। ‘सेवा के रंग’ कार्यक्रम के तहत हर घर में रंगोली बनाने की गतिविधियां होंगी। वहीं ‘इनोवेशन चैलेंज’ के जरिए नवाचार और रचनात्मकता को बढ़ावा देने की योजना है।
17 अक्टूबर को ‘जनसेवक महाकुंभ’ से होगा समापन
एक महीने तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ का समापन 17 अक्टूबर को ‘जनसेवक महाकुंभ’ के साथ होगा। इस दिन पंचायत, ब्लॉक, जिला, विधानसभा और संसद स्तर पर एक साथ बैठकें आयोजित करने की योजना है।
इन बैठकों में केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने और उन्हें योजनाओं से जोड़ने पर जोर दिया जाएगा। बीजेपी के मुताबिक, पूरे अभियान का उद्देश्य सेवा गतिविधियों के जरिए अधिक से अधिक लोगों को जोड़ना और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन तथा विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाना है।
(वीरेंद्र कुमार की रिपोर्ट)

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

आकाश आनंद के बाद अब ईशान आनंद की एंट्री, मायावती ने सौंपी बड़ी जिम्मेदारी; जानें कौन हैं बसपा के नए युवा चेहरा

मानसिक रूप से बीमार पुरुषों के लिए पहली बार अलग आश्रय! 50-50 लोगों की होगी क्षमता







