आकाश आनंद के बाद अब ईशान आनंद की एंट्री, मायावती ने सौंपी बड़ी जिम्मेदारी; जानें कौन हैं बसपा के नए युवा चेहरा
आकाश आनंद को पार्टी से बाहर करने के बाद मायावती ने अपने छोटे भतीजे ईशान आनंद को बड़ी संगठनात्मक जिम्मेदारी दी है। मायावती ने उनका आधिकारिक X अकाउंट भी सार्वजनिक किया है।


बहुजन समाज पार्टी (BSP) सुप्रीमो मायावती ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच पार्टी संगठन में बड़े बदलाव का संकेत दिया है। अशोक सिद्धार्थ के सक्रिय राजनीति से संन्यास और उनके दामाद व मायावती के बड़े भतीजे आकाश आनंद को पार्टी से बाहर किए जाने के बाद अब मायावती ने अपने छोटे भतीजे ईशान आनंद को संगठन में अहम जिम्मेदारी देकर नई राजनीतिक लाइन तैयार की है।
मायावती ने न सिर्फ ईशान आनंद को कई राज्यों की जिम्मेदारी सौंपी है, बल्कि उनका आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट भी सार्वजनिक किया है। इसके बाद बसपा में ईशान आनंद की राजनीतिक भूमिका को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
आकाश आनंद के बाद ईशान आनंद को मिली बड़ी जिम्मेदारी
मायावती ने ईशान आनंद को पार्टी में महत्वपूर्ण संगठनात्मक जिम्मेदारी दी है। उन्हें करीब 15 से 19 राज्यों में मुख्य सेक्टर प्रभारी बनाए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड जैसे महत्वपूर्ण चुनावी राज्यों की जिम्मेदारी फिलहाल उन्हें नहीं दी गई है।
ईशान आनंद अब इन राज्यों में पार्टी के संगठनात्मक कामकाज और गतिविधियों की समीक्षा करेंगे। वह संगठन को मजबूत करने और पार्टी की गतिविधियों का जायजा लेकर अपनी रिपोर्ट मायावती और अपने पिता आनंद कुमार को सौंपेंगे। यह बदलाव ऐसे समय में हुआ है जब मायावती ने अपने बड़े भतीजे आकाश आनंद को पार्टी के सभी पदों और जिम्मेदारियों से मुक्त कर दिया है। इसके बाद ईशान आनंद को मिली जिम्मेदारी को बसपा की अगली पीढ़ी की राजनीति में महत्वपूर्ण कदम के तौर पर देखा जा रहा है।
मायावती ने खुद सार्वजनिक किया ईशान का X अकाउंट
ईशान आनंद को राजनीतिक मंच पर आगे बढ़ाने के संकेत तब और स्पष्ट हुए, जब मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर उनके आधिकारिक अकाउंट को सार्वजनिक किया। उन्होंने पोस्ट कर बताया कि ईशान आनंद का यही आधिकारिक ट्विटर/X अकाउंट है।
इसके बाद ईशान आनंद ने भी पार्टी और मायावती के फैसलों के समर्थन में सोशल मीडिया पर अपनी सक्रियता दिखाई। बड़े भाई आकाश आनंद को पार्टी से बाहर किए जाने के बाद ईशान का मायावती के फैसलों और पार्टी अनुशासन के समर्थन में सामने आना भी चर्चा का विषय बना हुआ है।
लंदन से कानून की पढ़ाई, अब सक्रिय राजनीति में कदम
ईशान आनंद बसपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आनंद कुमार के छोटे बेटे और मायावती के छोटे भतीजे हैं। उनके बड़े भाई आकाश आनंद बसपा में राष्ट्रीय समन्वयक की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।
ईशान आनंद ने नोएडा के जेनेसिस ग्लोबल स्कूल से शुरुआती शिक्षा हासिल की है। इसके बाद उन्होंने लंदन के वेस्टमिंस्टर विश्वविद्यालय से कानून की डिग्री प्राप्त की। राजनीति में आने से पहले वह परिवार के व्यावसायिक और कारोबारी कामकाज में सक्रिय रहे हैं।
ईशान आनंद की शादी अप्रैल 2025 में राधिका खन्ना से हुई थी। अब वह सक्रिय राजनीति में कदम रख चुके हैं और मायावती के निर्देश पर पार्टी संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
मायावती ने फिर दोहराया- निजी हित से ऊपर पार्टी
आकाश आनंद को पार्टी से बाहर करने और अशोक सिद्धार्थ के राजनीति से संन्यास पर प्रतिक्रिया देते हुए मायावती ने BSP के सिद्धांतों को भी दोहराया। उन्होंने कहा कि पार्टी की राजनीति बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर और मान्यवर कांशीराम के त्याग, समर्पण और व्यक्तिगत व पारिवारिक स्वार्थ से दूर रहने के सिद्धांतों पर आधारित है।
मायावती ने अशोक सिद्धार्थ के राजनीति से संन्यास को ‘देर आए, दुरुस्त आए’ बताया था। उन्होंने आरोप लगाया कि अशोक सिद्धार्थ और आकाश आनंद ने पार्टी हित से ऊपर पारिवारिक स्वार्थ को प्राथमिकता दी।
मायावती ने यह भी कहा कि बहुजन समाज को शासक वर्ग बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को पद की लालसा और निजी हितों से ऊपर उठकर काम करना होगा। ऐसे में आकाश आनंद के बाद ईशान आनंद को संगठन में जिम्मेदारी देना बसपा की आगे की रणनीति में कितना महत्वपूर्ण साबित होगा, इस पर अब राजनीतिक नजरें टिकी हैं।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

बख्तियारपुर का बदलेगा नाम? CM सम्राट चौधरी के बयान के बाद मंत्री संतोष सुमन ने रखी ‘नीतीशपुर’ की मांग

JDU की बैठक के बाद भी नहीं माने अनंत सिंह! अनुज सिंह के साथ पहुंचे बिहटा







