DMCH में इंसानियत शर्मसार! स्ट्रेचर था, फिर भी मरीज को घसीटकर ले गया गार्ड!
दरभंगा DMCH का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें लावारिस मरीज को स्ट्रेचर की जगह जमीन पर घसीटकर ले जाते गार्ड को देखा गया। अस्पताल अधीक्षक ने घटना पर शर्मिंदगी जताई और गार्ड पर कार्रवाई के साथ हेल्थ मैनेजर से जवाब मांगा है।


दरभंगा: दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (DMCH) से मानवता को शर्मसार करने वाला एक वीडियो सामने आया है। वायरल वीडियो में एक लावारिस मरीज को स्ट्रेचर पर ले जाने के बजाय अस्पताल का एक गार्ड उसका हाथ पकड़कर जमीन पर घसीटते हुए ले जाता दिखाई दे रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद अस्पताल प्रशासन हरकत में आया और मामले में कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
अस्पताल अधीक्षक डॉ. जगदीश चंद्र ने घटना की पुष्टि करते हुए इसे बेहद दुखद बताया। उन्होंने कहा, “अस्पताल से ऐसी तस्वीर सामने आने पर मैं शर्मिंदा हूं।” उन्होंने बताया कि मामला संज्ञान में आते ही मरीज को उचित इलाज उपलब्ध कराया गया। मरीज के पैर में फ्रैक्चर है, जिसका प्लास्टर कर दिया गया है। उसे दवा और भोजन भी उपलब्ध कराया जा रहा है।
न नाम पता, न पहचान… पुलिस से भी मांगी मदद
अस्पताल प्रशासन के अनुसार मरीज फिलहाल अपना नाम और पता बताने की स्थिति में नहीं है। उसकी पहचान कराने के लिए स्थानीय पुलिस की मदद ली जा रही है। फिलहाल मरीज को ऑर्थो विभाग में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि उसकी देखभाल और इलाज की व्यवस्था की गई है।
मामले में अस्पताल प्रशासन ने संबंधित गार्ड की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई के लिए संबंधित एजेंसी को पत्र लिखा है। वहीं, पूरे प्रकरण को लेकर हेल्थ मैनेजर से भी स्पष्टीकरण मांगा गया है। अधीक्षक ने साफ किया कि अस्पताल में स्ट्रेचर की कमी नहीं है। उनके मुताबिक, गार्ड की लापरवाही और नासमझी के कारण मरीज को इस तरह ले जाया गया।
‘दोबारा ऐसी घटना नहीं होनी चाहिए’
अस्पताल अधीक्षक ने कहा कि घटना से DMCH की छवि प्रभावित हुई है। भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने, इसके लिए अस्पताल प्रशासन की ओर से सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। हालांकि, वायरल वीडियो ने एक बड़ा सवाल जरूर खड़ा कर दिया है , अगर अस्पताल में स्ट्रेचर मौजूद था, तो आखिर मरीज को जमीन पर घसीटकर ले जाने की नौबत क्यों आई?फिलहाल प्रशासनिक कार्रवाई के बाद यह देखना होगा कि संबंधित गार्ड और अन्य जिम्मेदार लोगों पर क्या कार्रवाई होती है।
(दरभंगा से लक्ष्मण कुमार की रिपोर्ट)

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

गुप्ताधाम जाने से पहले जान लें ये नियम! आसमान से बरसेंगे फूल, पहाड़ पर उमड़ेगी भीड़!

‘85% छात्र फेल’ से मचा बवाल, कॉलेज में तोड़फोड़ तक पहुंचा मामला; अब दोबारा होगी परीक्षा!







