रक्षाबंधन पर घर में छाया मातम!, चतरा में युवक की संदिग्ध मौत, अस्पताल में शव छोड़कर भागे दोस्त
क्षाबंधन के त्योहार पर चतरा के एक परिवार की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब एक युवक की संदिग्ध हालत में मौत हो गई।


Chatra: रक्षाबंधन के त्योहार पर चतरा के एक परिवार की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब एक युवक की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। मामला सदर थाना क्षेत्र के उटा मोड़ के पास का है। युवक के दोस्तों ने उसे गंभीर हालत में सदर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी मौत के बाद सभी शव को अस्पताल में छोड़कर फरार हो गए। घटना के बाद मृतक के पिता ने बेटे की हत्या का आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस की शुरुआती जांच में मामला सड़क हादसे का लग रहा है।
मृतक की पहचान इटखोरी के गुल्ली टोला निवासी मिथिलेश कुमार यादव के रूप में हुई है। बताया गया कि रात करीब 9 बजे मिथिलेश अपने दोस्त अनिल के घर गया था। इसके बाद वह अनिल, सोनू मियां, चंदन दांगी और चंदन के साले के साथ घूमने के लिए निकला।
इसी दौरान राजपुर जाने वाली सड़क पर उटा मोड़ के पास मिथिलेश गंभीर रूप से घायल हालत में मिला। उसके सिर में गहरी चोट लगी थी। दोस्त उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद उसके साथ आए दोस्त अस्पताल में शव छोड़कर वहां से चले गए।
आधी रात को परिवार को मिली मौत की खबर
मिथिलेश की मौत की जानकारी जब आधी रात के करीब उसके परिजनों को मिली तो घर में कोहराम मच गया। परिवार के लोग भागे-भागे सदर अस्पताल पहुंचे। अगले दिन परिजनों ने मिथिलेश के साथ गए दोस्तों को पकड़ लिया और उनसे घटना को लेकर पूछताछ की।
मृतक के पिता डोदी यादव ने आरोप लगाया कि उनके बेटे की हत्या की गई है और बाद में घटना को सड़क हादसे का रूप देने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस की शुरुआती जांच में हादसे की बात
वहीं, सदर SDPO सन्नी वर्धन ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। पुलिस के अनुसार, मिथिलेश खुद बाइक चला रहा था और बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई, जिससे उसे गंभीर चोट लगी और उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। SDPO ने कहा कि परिजनों की ओर से लिखित शिकायत मिलने के बाद मामले की गंभीरता से जांच की जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

टेंडर घोटाला केस में रिटायर्ड चीफ इंजीनियर सिंगरई टूटी को बड़ा झटका, PMLA कोर्ट ने खारिज की डिस्चार्ज याचिका

परीक्षा में चीटिंग के आरोप वाले 'किंगपिन' की जमानत पर टली सुनवाई, कोर्ट ने दी नई तारीख







