रांची में दुर्गोत्सव की धूम, वेटिकन सिटी की थीम पर बने पंडाल में अब लगाए गए राम-कृष्ण और हिंदू देवी-देवताओं के चित्र
पूजा में किसी तरह की कोई घटना या बड़ा हादसा न हो इसपर झारखंड पुलिस पूरी तरह से चौकस है. सुरक्षा की दृष्टि से इन शहरों में अतिरिक्त सुरक्षा बल को भी तैनात कर दिया गया है.

Naxatra News Hindi
Ranchi Desk: राजधानी रांची सहित पूरे झारखंड में दुर्गोत्सव की धूम है. राजधानी में जगह-जगह पर एक से एक भव्य पंडालों का निर्माण कराया गया है जो श्रद्धालुओं को काफी आकर्षित कर रहा है.
लेकिन रांची के रातू रोड स्थित आरआर स्पोर्टिंग क्लब में बना दुर्गा पूजा पंडाल ने विवाद खड़ा कर दिया. दरअसल, इस पूजा पंडाल को रोम के 'वेटिकन सिटी'(वैश्विक केंद्र- रोमन कैथोलिक चर्च) के थीम पर तैयार किया गया है जिसमें ईसा मसीह, मरियम और क्रॉस के प्रतीकों की तस्वीरें सजाई गई थी लेकिन विवाद के बाद अब इन तस्वीरों को हटा दिया गया है और उनकी जगहों पर राम, कृष्ण और अन्य हिंदू देवी-देवताओं के चित्र लगाए गए हैं.
वहीं रांची के साथ धनबाद, जमशेदपुर और अन्य बड़े शहरों में भी पूजा पंडाल बनाए गए है जो श्रद्धालुओं को काफी आकर्षित कर रहा है. इस बीच पूजा में किसी तरह की कोई घटना या बड़ा हादसा न हो इसपर झारखंड पुलिस पूरी तरह से चौकस है. सुरक्षा की दृष्टि से इन शहरों में अतिरिक्त सुरक्षा बल को भी तैनात कर दिया गया है. इसके अलावे पूजा पंडालों में फायर फाइटिंग सिस्टम, बड़े पैमाने पर वॉलिंटियर, सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए हैं. राज्य के पुलिस मुखिया ने सुरक्षा के लिहाज से सभी जिला के एसपी के साथ बैठक कर कई निर्देश दिए है. साथ ही राज्य की जनता से अपील की है कि शांति बनाए रखें. किसी भी तरह का व्यवधान ना करें, नहीं तो कानूनी कार्रवाई होगी. सुरक्षित और सतर्क होकर पूजा के माहौल का आनंद लें.
व्यवधान उत्पन्न करने पर होगी कानूनी कार्रवाई
झारखंड डीजीपी अनुराग कुमार गुप्ता ने कहा कि यह पूजा का त्यौहार है इसे शांति और आनंद के साथ मनाएं. किसी प्रकार का कोई व्यवधान और एक्सिडेंट नहीं होना चाहिए. राज्य के सभी जिलों के डीसी और एसपी को निर्देश दिए गए हैं कि बड़े पैमाने पर स्थानीय बच्चों को वलेंटियर के रुप में इस्तेमाल करें. फोर्स की तैनाती करें. इसके अलावे विसर्जन के दौरान कई जगहों पर पानी गहरा रहता है ऐसे में उन जगहों पर कोई हादसा न घटे. इसपर भी खास ध्यान दिया गया है उम्मीद है कि इस बार भी हमारे राज्य में लोग धूमधाम से इस त्यौहार को मनाएं. लोगों को संदेश देते हुए डीजीपी ने कहा कि पर्व का आनंद लें, परिवार के साथ पंडालों का भ्रमण करें और किसी प्रकार का कोई व्यवधान उत्पन्न न करें, ऐसा करने पर कानूनी रुप से कार्रवाई की जाएगी.
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.








