Motihari: लोगों की समस्याएं सुनने अरेराज पहुंचे एसपी, जनता दरबार में सरकारी ट्रैक्टर से संपत्ति बेचने की शिकायत पर सख्त
एसपी स्वर्ण प्रभात ने जनता दरबार लगाकर आम लोगों की समस्याएं सुनीं. कमजोर धारा लगाने पर सर्किल इंस्पेक्टर का वेतन रोक दिया गया.

Bihar (Motihari): मोतिहारी जिले के अरेराज थाना परिसर में आज शाम एसपी स्वर्ण प्रभात ने जनता दरबार लगाकर आम लोगों की समस्याएं सुनीं. जनता दरबार में पहुंचे फरियादियों की शिकायतों पर एसपी सख्त नजर आए और कई मामलों में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए.
जनता दरबार में सबसे अधिक मामले जमीन विवाद से जुड़े सामने आए. कई मामलों का ऑन-द-स्पॉट समाधान राजस्व पदाधिकारी और मौजूद पुलिस अधिकारियों की मदद से कराया गया, जबकि जटिल मामलों की जांच के लिए डीएसपी को जिम्मेदारी सौंपी गई.
इस दौरान पहाड़पुर थाना क्षेत्र के एक मामले में परिवादी ने शिकायत की कि सिर फटने और पांच टांके लगने के बावजूद सर्किल इंस्पेक्टर ने आरोपियों पर कमजोर धाराएं लगाई हैं. शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने सर्किल इंस्पेक्टर का वेतन धारित करते हुए सभी आरोपियों की गिरफ्तारी का निर्देश दिया.
वहीं अरेराज नगर पंचायत के वार्ड संख्या 10 के पार्षद श्रवण कुमार ने नगर पंचायत के ट्रैक्टर से सरकारी संपत्ति लोड कर बेचने की शिकायत दर्ज कराई. मामले में पकड़े गए ट्रैक्टर और दिए गए आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की गई. इस पर एसपी ने डीएसपी को जांच का निर्देश देते हुए कहा कि यदि ट्रैक्टर और सामान चोरी का पाया जाता है तो तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाए.
जनता दरबार में शहर में लगने वाले जाम की समस्या भी उठाई गई. श्रद्धालुओं की परेशानी को देखते हुए एसपी ने ट्रैफिक व्यवस्था को और मजबूत करने का आश्वासन दिया.
रिपोर्ट: प्रतीक सिंह
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

जमीनी विवाद में भाई का दुश्मन बना भाई, खेत से लौट रहे परिवार पर ईंट-पत्थर और कुदाल से हमला

मोतिहारी में जहरीली शराब पीने से अब तक 10 लोगों की मौत






