जुड़वा बच्चों की खुशी मातम में बदली!
मोतिहारी के अगरवा स्थित एक निजी क्लीनिक में जुड़वा बच्चों को जन्म देने के बाद 22 वर्षीय विनीता कुमारी की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा किया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।


मोतिहारी: नगर थाना क्षेत्र के अगरवा स्थित सत्य नर्सिंग होम के डॉ. नीना झा के क्लीनिक में ऑपरेशन के बाद जुड़वा बच्चों को जन्म देने वाली 22 वर्षीय महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए क्लीनिक में जमकर हंगामा किया। मृतका की पहचान बंजरिया थाना क्षेत्र के चैलाहा निवासी अरविंद कुमार की पत्नी विनीता कुमारी के रूप में हुई है।
जुड़वा बच्चों के जन्म के बाद बिगड़ी तबीयत
मृतका के देवर के अनुसार, करीब तीन दिन पहले विनीता को प्रसव के लिए डॉ. नीना झा के क्लीनिक में भर्ती कराया गया था। ऑपरेशन के बाद उसने जुड़वा बच्चों को जन्म दिया। परिजनों के मुताबिक, प्रसव के बाद जच्चा और दोनों बच्चे स्वस्थ थे और परिवार में खुशी का माहौल था।
परिजनों का आरोप है कि अचानक रात में विनीता की तबीयत बिगड़ने लगी। कई बार डॉक्टर और कंपाउंडर को इसकी जानकारी देने के बावजूद समय पर इलाज नहीं किया गया। परिजनों के अनुसार, उन्हें लगातार यह कहकर आश्वस्त किया जाता रहा कि पानी चढ़ाया जा रहा है। हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने सीपीआर देने का प्रयास किया और बाद में उसे रेफर कर दिया गया।
शव लेकर क्लीनिक पहुंचे परिजन, जमकर हंगामा
इसके बाद परिजन विनीता को रहमानिया अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में आक्रोश फैल गया और वे शव को लेकर वापस डॉ. नीना झा के क्लीनिक पहुंचे, जहां जमकर हंगामा किया।
घटना की सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने नगर थाना पुलिस और सदर अनुमंडल पदाधिकारी को आवेदन देकर पूरे मामले की जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं, मामले में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच कर रही है। महिला की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
दूसरी तरफ इस संबंध में जब अस्पताल प्रबंधन से उनका पक्ष लेने का प्रयास किया गया तो कोई भी व्यक्ति सामने नहीं आया।
(मोतिहारी से प्रतिक सिंह की रिपोर्ट)

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

घास काटने गई थीं दो रिश्तेदार महिलाएं, एक की मिली लाश तो दूसरी डॉक्टर के पास!

जहां कभी नक्सलवाद का साया था, अब वहां बनेगा टूरिज्म हब! जमुई में DM का बड़ा प्लान







