घास काटने गई थीं दो रिश्तेदार महिलाएं, एक की मिली लाश तो दूसरी डॉक्टर के पास!
कटिहार के अमदाबाद थाना क्षेत्र के बहरसाल दियारा में घास काटने गईं दो महिलाओं पर धारदार हथियार से हमला किया गया। एक महिला की मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल है। FSL टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।


कटिहार: बिहार-बंगाल सीमा से सटे कटिहार के अमदाबाद थाना क्षेत्र के बहरसाल दियारा इलाके में दो महिलाओं पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। दोनों महिलाएं मवेशियों के लिए घास काटने गई थीं। घटना में एक महिला की मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल है। घायल महिला का इलाज पश्चिम बंगाल के मालदा स्थित सरकारी अस्पताल में चल रहा है। मृतका और घायल महिला के रिश्तेदार होने की बात सामने आई है।
देर शाम तक घर नहीं लौटीं तो शुरू हुई तलाश
घटना 19 अगस्त की बताई जा रही है। पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के दौलतनगर और हरिश्चंद्रपुर इलाके की रहने वाली दोनों महिलाएं बहरसाल दियारा में घास काटने गई थीं। परिजनों के मुताबिक, दोनों रोजाना करीब 3 बजे घर से निकलती थीं और शाम तक वापस लौट आती थीं। बुधवार को भी दोनों महानंदा नदी पार कर दियारा पहुंची थीं, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटीं। इसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान दोनों महिलाएं दियारा इलाके में अलग-अलग स्थानों पर घायल अवस्था में मिलीं। एक महिला नदी किनारे मृत पड़ी थी, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल थी।
मृतका की पहचान चंद्रिका मंडल उर्फ चांदनी देवी के रूप में हुई है, जबकि घायल महिला का नाम रूपा देवी बताया गया है। कटिहार SP परिचय कुमार के अनुसार, हरिश्चंद्रपुर थाना पुलिस से सूचना मिलने के बाद अमदाबाद पुलिस मौके पर पहुंची। शुरुआती जांच में मृत महिला के गले पर धारदार हथियार से वार किए जाने के निशान मिले हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कटिहार सदर अस्पताल भेज दिया है।
मौके पर पहुंची FSL टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल पर FSL टीम को बुलाया। टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े अलग-अलग पहलुओं की जांच की जा रही है। घायल महिला का बयान भी पुलिस के लिए अहम माना जा रहा है। उसका बयान दर्ज करने के लिए एक टीम मालदा भेजे जाने की बात कही गई है।
घटना बिहार और पश्चिम बंगाल की सीमा से लगे इलाके में हुई है। ऐसे में दोनों राज्यों की पुलिस मामले की जांच में जुटी है। फिलहाल हमला किसने किया और इसकी वजह क्या थी, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस घटना को संदिग्ध मानकर जांच कर रही है और हमलावर की पहचान के लिए उपलब्ध साक्ष्यों और घायल महिला के बयान का इंतजार कर रही है।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

जहां कभी नक्सलवाद का साया था, अब वहां बनेगा टूरिज्म हब! जमुई में DM का बड़ा प्लान

अब पुलिस कप्तान की कार्रवाई पर टिकी निगाहें, पुलिस अभिरक्षा से फरार संदिग्ध, किस पर गिरेगी गाज?







