गर्म तेल से तीन छात्राएं झुलसीं, फिर हॉस्टल में मचा हंगामा... क्या हुआ था नाश्ते के वक्त?
मोतिहारी इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्रावास में नाश्ते के दौरान तीन छात्राएं गर्म तेल के छींटों से आंशिक रूप से झुलस गईं। छात्राओं ने रसोइया पर गर्म तेल फेंकने का आरोप लगाया है, जबकि रसोइया ने इसे हादसा बताया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


मोतिहारी: मोतिहारी इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्रावास में गुरुवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब नाश्ता करने पहुंची तीन छात्राओं पर रसोइया द्वारा गर्म तेल की कराही फेंके जाने की घटना सामने आई। गर्म तेल के छींटे पड़ने से तीन छात्राएं आंशिक रूप से झुलस गईं। घायल छात्राओं की पहचान मोनाली कुमारी, मधु प्रिया और मुस्कान कुमारी के रूप में हुई है।
नाश्ते के दौरान हुआ विवाद
घटना के बाद कॉलेज प्रबंधन ने तीनों छात्राओं को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के बाद उन्हें कॉलेज वापस भेज दिया गया। छात्राओं का आरोप है कि किसी बात को लेकर रसोइया से बकझक हुई थी, जिसके बाद गुस्से में उसने गर्म तेल से भरी कराही उनकी ओर फेंक दी। कराही से निकले गर्म तेल के छींटों से तीनों छात्राएं घायल हो गईं।
अस्पताल में कराया गया इलाज
घटना की जानकारी मिलते ही कॉलेज के अन्य छात्र आक्रोशित हो गए और हंगामा शुरू कर दिया। स्थिति को देखते हुए कॉलेज प्रशासन ने संबंधित रसोइया को पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं, रसोइया ने घटना को हादसा बताते हुए कहा कि गर्म तेल से भरी कराही उसके हाथ से अचानक छूट गई, जिससे तेल के छींटे छात्राओं पर पड़ गए।
घटना के बाद कॉलेज परिसर में कुछ देर तक तनाव की स्थिति बनी रही। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली और जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस छात्राओं के आरोप और रसोइया के बयान दोनों को ध्यान में रखते हुए घटना की वास्तविक वजह की जांच कर रही है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि गर्म तेल छात्राओं पर जानबूझकर फेंका गया था या यह हादसा था।
(मोतिहारी से प्रतिक सिंह की रिपोर्ट)

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

फाइलें जांचने पहुंचे थे DM, नजर पड़ी गुमटी पर... तलाशी में मिला ऐसा सामान कि तुरंत करना पड़ा सील

1 लाख Views पर ₹10 हजार! बिहार सरकार का सोशल मीडिया क्रिएटर्स के लिए बड़ा ऐलान







