मोतिहारी में इंटर के छात्र की संदिग्ध मौत, फंदे से लटका मिला शव; परिजनों ने प्रेम प्रसंग में हत्या का लगाया आरोप
मृतक के मामा राजन ने बताया कि आशीष के गांव की ही एक लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहा था. इसी बात को लेकर तीन-चार दिन पहले गांव के कुछ युवकों ने उसकी पिटाई कर दी थी और मारपीट का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी वायरल कर दिया था.

Motihari (Bihar): पूर्वी चंपारण जिले के पिपरा थाना क्षेत्र में इंटर के एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. छात्र का शव घर के अंदर फंदे से लटका हुआ बरामद किया गया. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. परिजनों ने प्रेम प्रसंग को लेकर युवक की हत्या कर शव को फंदे से लटका देने का आरोप लगाया है.
मृतक की पहचान वैशाली जिले के राजापाकड़ गांव निवासी आशीष कुमार (18 वर्ष), पिता- रूपलाल साह के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि आशीष अपने नाना लालबाबू साह के घर पिपरा थाना क्षेत्र के चकबारा बखरी गांव में रहकर पढ़ाई करता था.
घटना के संबंध में मृतक के मामा राजन ने बताया कि आशीष के गांव की ही एक लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहा था. इसी बात को लेकर तीन-चार दिन पहले गांव के कुछ युवकों ने उसकी पिटाई कर दी थी और मारपीट का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी वायरल कर दिया था.
परिजनों के अनुसार, इसी बीच आशीष के नाना-नानी इलाज के लिए दिल्ली चले गए थे और वह घर में अकेला रह रहा था. मामा ने बताया कि घटना वाली रात करीब 8:30 बजे आशीष ने अपनी मां को फोन कर बताया कि वहीं लोग फिर से उसके घर पर आए हैं और उसे मारने की कोशिश कर रहे हैं. इसके करीब 10 से 15 मिनट बाद फोन आया कि आशीष कमरे में फंदे से लटका हुआ है.
बताया जाता है कि आशीष की चचेरी मामी पास में ही रहती हैं. वह रात में खाना देने के लिए घर गईं तो देखा कि आशीष कमरे के अंदर फंदे से लटका हुआ है. इसके बाद उन्होंने परिवार के अन्य लोगों को सूचना दी. सूचना मिलने पर पहुंची पिपरा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है.
परिजनों के अनुसार, आशीष दो भाइयों में बड़ा था और बचपन से ही अपने नाना के घर रहकर पढ़ाई कर रहा था. उसने हाल ही में इंटर की परीक्षा दी थी और रिजल्ट का इंतजार कर रहा था. इसी बीच उसकी संदिग्ध मौत हो गई. इस मामले में पिपरा थानाध्यक्ष अंजन कुमार ने बताया कि एक युवक का फंदे से लटका हुआ शव बरामद हुआ है. प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है. हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल पाएगा.
रिपोर्ट- प्रतिक सिंह
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

जमीनी विवाद में भाई का दुश्मन बना भाई, खेत से लौट रहे परिवार पर ईंट-पत्थर और कुदाल से हमला

धान के गोदाम को नशा के तस्करों ने बनाया शराब फैक्ट्री ! DC के निर्देश पर उत्पाद विभाग और पुलिस ने किया खुलासा






