रामनवमी,ईद और सरहुल में होगी व्यापक सुरक्षा बैठक,अफवाह फैलाने वाले पर होगी कड़ी कार्रवाई
रांची:रामनवमी,ईद और सरहुल को लेकर कलक्ट्रेट में केंद्रीय शांति समिति की बैठक की गई।रांची जिले के डीसी मंजूनाथ भजंत्री और एसएसपी राकेश रंजन की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में केंद्रीय समिति के सदस्यों ने अपनी बातों को रखा।

इस बैठक में सदर एसडीओ,नगर निगम के पदाधिकारी,ग्रामीण एसपी,ट्रैफिक एसपी,सभी डीएसपी समेत शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के थानेदार और सीओ मौजूद रहे।इन त्योहारों को लेकर शांति समिति के सदस्यों ने कई सुझाव दिए।
वहीं जिला प्रशासन ने शांतिपूर्ण तरीके से सभी त्योहारों को संपन्न कराने के लिए कई दिशा निर्देश दिए है।केंद्रीय समिति के सदस्यों के सुझाव पर विशेष ध्यान देने का आश्वासन भी दिया गया है। डीसी ने कहा है कि किसी भी तरह का अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं केंद्रीय शांति समिति के सदस्यों से आग्रह भी किया है कि अगर कोई अफवाह भरे मैसेज उनके पास आए। तो इसकी सूचना जिला प्रशासन को दे और अफवाहों को रोकने का काम करें। ताकि शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार संपन्न हो सके। वहीं एसएसपी ने आश्वस्त किया है कि सुरक्षा के व्यापक इंतजाम रहेंगे। इन त्योहारों को लेकर अतिरिक्त संख्या में सुरक्षा बल तैनात किए जाएंगे।
डीसी मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि शांति समिति के सदस्यों द्वारा दिये गये सभी सुझावों पर जिला प्रशासन गंभीरतापूर्वक विचार कर आवश्यक कार्रवाई करेगा। उन्होंने कहा कि पूर्व में भी रांची में सभी पर्व-त्योहार शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुए हैं। जिसमें केन्द्रीय शांति समिति, महावीर मण्डल, केन्द्रीय सरना समिति, रामनवमी श्रृंगार समिति, राँची चैती दुर्गा पूजा समिति, सेंट्रल मोहर्रम कमिटी, अंजुमन इस्लामिया, गुरुनानक समिति अन्य सभी रामनवमी / ईद / सरहुल पर्व आयोजन समितियों और अखाड़ा समिति के सदस्यों का सहयोग अत्यंत सराहनीय रहा है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी के सहयोग, समन्वय और सामूहिक प्रयास से आगामी त्योहार भी शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न होंगे।उन्होंने कहा कि रांची को राज्य ही नहीं, बल्कि पूरे देश में सामाजिक सौहार्द और भाईचारे की मिसाल बनाना है। इसके लिए सभी नागरिकों, शांति समिति के सदस्यों और प्रशासन को मिलकर अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने जिले के सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में शांति समिति की बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया।
मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि आगामी पर्व-त्योहारों के दौरान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जिला प्रशासन और पुलिस की कड़ी निगरानी रहेगी। उन्होंने आम नागरिकों से किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक पोस्ट या अफवाहों पर प्रतिक्रिया देने से बचने और जिम्मेदार नागरिक का परिचय देते हुए ऐसी किसी भी सामग्री की जानकारी तुरंत पुलिस-प्रशासन को देने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाले तत्वों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी राकेश रंजन ने कहा कि आगामी पर्वों को लेकर पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने शांति समिति, पूजा समिति और अखाड़ा समिति के सदस्यों से प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर सतर्कता के साथ कार्य करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी मैदान स्तर पर सक्रिय रहकर कार्य करें, ताकि किसी भी स्थिति से समय रहते निपटा जा सके। उन्होंने आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को चेतावनी देते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करने से नहीं चूकेगी।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

तोहफे में झाड़ू लेकर भी.. क्यों खुश नजर आ रहीं रांची मेयर रोशनी खलखो

OBC आरक्षण के साथ पहली बार झारखंड में पंचायत चुनाव, तय समय पर चुनाव कराने की झारखंड सरकार की तैयारी






