रांची में पुलिस का बड़ा एक्शन!, 50 से ज्यादा ठिकानों पर एक साथ छापेमारी, 100 से अधिक लोग पकड़े गए
रांची में पुलिस ने सार्वजनिक शराबखोरी, हुड़दंग और संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ सघन अभियान चलाया। 50 से ज्यादा स्थानों पर एक साथ जांच के दौरान 100 से अधिक लोगों को पकड़ा गया। पुलिस ने सुरक्षा के लिए डायल 112 पर सूचना देने की अपील की।

Ranchi: राजधानी रांची में सार्वजनिक जगहों पर शराब पीने, हुड़दंग करने और संदिग्ध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने बड़ा अभियान चलाया। शाम के वक्त शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में 50 से ज्यादा संवेदनशील और रणनीतिक जगहों पर एक साथ सघन जांच अभियान चलाया गया।
इस दौरान पुलिस ने चौक-चौराहों, बाजारों, खुले मैदानों, सुनसान इलाकों, निर्माणाधीन क्षेत्रों और शराब दुकानों के आसपास विशेष निगरानी रखी। पुलिस की इस कार्रवाई से सार्वजनिक जगहों पर बेवजह जमावड़ा लगाने और हुड़दंग करने वालों में हड़कंप मच गया।
मेन रोड से मोरहाबादी तक पुलिस की नजर
अभियान के दौरान फिरायालाल चौक, अल्बर्ट एक्का चौक, मेन रोड, OTC ग्राउंड, DIG ग्राउंड और मोरहाबादी मैदान समेत कई प्रमुख इलाकों में जांच की गई। इसके अलावा धुर्वा स्थित स्मार्ट सिटी परिसर, रिंग रोड से जुड़े सुनसान रास्तों, खाली प्लॉट और अंधेरे वाले इलाकों में भी पुलिस टीम पहुंची।
शराब दुकानों के आसपास के इलाकों, ढाबों, गुमटियों और नुक्कड़ों पर भी पुलिस ने चेकिंग की। यहां खुले में शराब पीने और उपद्रव करने वालों पर खास नजर रखी गई।
DSP से लेकर थाना प्रभारी तक मैदान में उतरे
इस पूरे अभियान की मॉनिटरिंग पुलिस के वरीय अधिकारियों ने की। DSP खुद अलग-अलग इलाकों में फील्ड पर मौजूद रहे और थाना प्रभारियों व सशस्त्र पुलिस बल के साथ जांच अभियान चलाया गया।
पुलिस टीम ने संदिग्ध लोगों की तलाशी लेने के साथ ही वाहनों की भी जांच की। बिना वजह सार्वजनिक जगहों पर भीड़ लगाने और संदिग्ध तरीके से घूमने वालों को वहां से हटाया गया।
100 से ज्यादा लोगों पर कार्रवाई
अभियान के दौरान खुले में शराब पीने, संदिग्ध तरीके से घूमने और हुड़दंग करने वाले 100 से अधिक लोगों को पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार, इन लोगों को भविष्य में ऐसी हरकत दोबारा नहीं करने की सख्त हिदायत देकर छोड़ा गया। साथ ही उनके नाम-पते पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज किए गए हैं।
महिलाओं और आम लोगों की सुरक्षा पर फोकस
रांची पुलिस के मुताबिक इस अभियान का मकसद असामाजिक तत्वों और आदतन अपराधियों पर नजर रखना है। इसके साथ ही खुले में नशाखोरी, छेड़खानी, हुड़दंग और सड़क पर होने वाली आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाना भी अभियान का हिस्सा है।
पुलिस का कहना है कि महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों समेत आम लोगों को शहर में सुरक्षित माहौल देना प्राथमिकता है।
संदिग्ध गतिविधि दिखे तो 112 पर करें कॉल
रांची पुलिस ने आम लोगों से भी सहयोग की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि किसी सार्वजनिक जगह पर उपद्रव, नशाखोरी या कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत डायल 112 या नजदीकी थाने को दी जा सकती है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

जन्माष्टमी पर रांची में होगा भव्य दही हांडी कार्यक्रम, CM हेमंत को मिला खास न्योता

एक ही रात, तीन वारदात और एक हत्या!, रांची पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा







