शहर से कम नहीं गांव का टैलेंट!, बेड़ो के KCB कॉलेज में नेशनल स्पोर्ट्स डे पर हुआ रोमांचक मुकाबला
रांची के बेड़ो स्थित KCB कॉलेज में राष्ट्रीय खेल दिवस पर अंतरविभागीय खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित हुई। फुटबॉल, हॉकी, वॉलीबॉल, कबड्डी और बैडमिंटन में छात्रों ने शानदार प्रदर्शन कर ग्रामीण खेल प्रतिभा का दम दिखाया।

Ranchi: राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर रांची के करम चंद भगत (KCB) कॉलेज, बेड़ो में अंतरविभागीय खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य और उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। लकड़ा पाड़ा मैदान में आयोजित इस खेल उत्सव में कॉलेज के विभिन्न विभागों के छात्र-छात्राओं ने पूरे जोश के साथ हिस्सा लिया। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन रांची विश्वविद्यालय के डीन डॉ. सुदेश कुमार साहू और KCB कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रसंजित मुखर्जी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। प्रतियोगिता की शुरुआत से पहले सभी अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
'ग्रामीण परिवेश के छात्रों में स्टैमिना और प्रतिभा की कमी नहीं': डीन
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि डॉ. सुदेश कुमार साहू ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के छात्र-छात्राओं में खेल प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। अनुशासन, मजबूत शारीरिक क्षमता और जबर्दस्त स्टैमिना के दम पर ग्रामीण परिवेश के विद्यार्थी कई बार शहरी क्षेत्र के खिलाड़ियों से भी बेहतर प्रदर्शन कर दिखाते हैं। उन्होंने गर्व के साथ उल्लेख किया कि बेड़ो क्षेत्र के कई छात्र-छात्राएं विश्वविद्यालय और राज्य स्तर पर विभिन्न खेलों में अपनी पहचान बना चुके हैं, जो इस क्षेत्र के समृद्ध खेल टैलेंट का सबसे बड़ा प्रमाण है।
रोमांचक मुकाबलों के नतीजे: नागपुरी और हिंदी विभागों का रहा दबदबा
प्रतियोगिता के दौरान कई रोमांचक मुकाबले खेले गए, जिनमें विभिन्न विभागों के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। बालिका वर्ग के फुटबॉल मुकाबले में नागपुरी विभाग ने शानदार खेल दिखाते हुए खिताब अपने नाम किया, जबकि हिंदी विभाग उपविजेता रहा। बालक वर्ग के फुटबॉल फाइनल में राजनीति विज्ञान विभाग ने जीत हासिल की और भूगोल विभाग रनर-अप रहा। बालक हॉकी में नागपुरी विभाग विजेता और इतिहास विभाग उपविजेता बना।
इसके अलावा, बालक वॉलीबॉल में हिंदी विभाग ने बाजी मारी और इतिहास विभाग दूसरे स्थान पर रहा। बालिका वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता में भी हिंदी विभाग की टीम विजेता और इतिहास विभाग की टीम उपविजेता बनी। वहीं, बालक वर्ग के बैडमिंटन डबल्स फाइनल में बी.पी. केरकेट्टा (अंग्रेजी विभाग) और प्रेम राज साहू की जोड़ी ने शानदार खेल दिखाते हुए जीत दर्ज की, जबकि विकास लोहरा और पैरज महतो की जोड़ी उपविजेता रही।
शिक्षकों और सैकड़ों विद्यार्थियों की रही गरिमामयी मौजूदगी
इस पूरे खेल उत्सव के सफल और व्यवस्थित आयोजन में स्पोर्ट्स इंचार्ज धीरज उरांव और साईनाथ राम की अहम भूमिका रही। कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. विनोद सिंह, डॉ. अब्दुल अयूब, डॉ. रितेश सिंह, डॉ. ब्रह्मानंद साहू, अभिनीत तिर्की, डॉ. संतोष कुमार भगत, अरविंद राणा बिलुंग, डॉ. मीना पूर्ति, प्रवीण दास, नितेश पासवान, डॉ. सर्वाणी चक्रवर्ती, डॉ. स्मिता गुप्ता, उम्मे कुलसुम, डॉ. सुजाता बाला, डॉ. प्रमिला उरांव, डॉ. अल्पना मेहता, निरु कुमारी, सुनीता उरांव, डॉ. जे.डी. राम, दिवाकर देव, अजय कुमार सहित कॉलेज के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं और सैकड़ों की संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

कोयला, लोहा और अभ्रक पर सिर्फ झारखंडियों का हक!, MMDR पर पूर्व सांसद फुरकान अंसारी का बड़ा हमला, बकाया रॉयल्टी की मांग

जन्माष्टमी पर रांची में होगा भव्य दही हांडी कार्यक्रम, CM हेमंत को मिला खास न्योता







