आरोपी को पकड़ चुकी थी पुलिस, भीड़ ने पुलिस को घेर छुड़ा लिया!
लखीसराय के चानन थाना क्षेत्र में शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची उत्पाद विभाग की टीम पर हमला हो गया। आरोप है कि भीड़ ने पुलिसकर्मियों से मारपीट कर गिरफ्तार संदिग्ध को छुड़ा लिया। घटना में तीन जवान घायल हुए हैं।


लखीसराय: बिहार में शराबबंदी कानून के तहत कार्रवाई करना पुलिस और उत्पाद विभाग के लिए अब एक नई चुनौती बनता दिख रहा है। लखीसराय में शराब तस्करी की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंची उत्पाद विभाग की टीम पर ही हमला कर दिया गया। आरोप है कि टीम ने एक संदिग्ध शराब तस्कर को पकड़ा, लेकिन कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों को घेरकर मारपीट की और गिरफ्तार आरोपी को जबरन छुड़ाकर ले गए। घटना में उत्पाद विभाग के कुछ तीन पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।
तस्कर को पकड़ते ही जुटी भीड़
मामला चानन थाना क्षेत्र के लाखोचक-बसमतिया गांव का बताया जा रहा है। देर रात उत्पाद विभाग की टीम को इलाके में शराब तस्करी की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध गतिविधियों की जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान टीम ने एक व्यक्ति को शराब तस्करी के संदेह में पकड़ा। उसके पास से एक बाइक भी बरामद की गई।
बताया जा रहा है कि टीम आरोपी को लेकर आगे बढ़ रही थी, तभी कुछ लोग वहां पहुंच गए। आरोप है कि लोगों ने उत्पाद विभाग के जवानों को घेर लिया और उनके साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद हाथापाई में बदल गया।
अचानक हुए हमले से टीम को संभलने का मौका नहीं मिला। इसी दौरान भीड़ ने कथित तौर पर गिरफ्तार आरोपी को पुलिस के कब्जे से छुड़ा लिया और अपने साथ लेकर मौके से निकल गई।हमले में उत्पाद विभाग के तीन पुलिसकर्मियों को चोटें आईं। घायल जवानों को इलाज के लिए लखीसराय सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक उनकी हालत सामान्य है।
बाइक बनी जांच की अहम कड़ी
कार्रवाई के दौरान बरामद बाइक को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। अब इसी के आधार पर आरोपी की पहचान और शराब तस्करी से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी को छुड़ाने के लिए मौके पर कितने लोग पहुंचे थे और हमले में कौन-कौन शामिल था।
घटना के बाद पुलिस और उत्पाद विभाग की टीमें आरोपी और उसे छुड़ाने वाले लोगों की तलाश में जुट गई हैं। घटनाक्रम के पीछे किसी पूर्व नियोजित साजिश की भूमिका थी या कार्रवाई के दौरान अचानक भीड़ जुटी, इसकी भी जांच की जा रही है। फिलहाल पूरे मामले में पुलिस की जांच जारी है। आरोपी की गिरफ्तारी और हमले में शामिल लोगों की पहचान के बाद तस्वीर और साफ होगी।
शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम पर हमला और आरोपी को छुड़ा ले जाना कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती है। अब देखना होगा कि पुलिस फरार आरोपी तक कब पहुंचती है और हमले में शामिल लोगों पर क्या कार्रवाई होती है।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

MGCU के लिए बड़ी खबर! 10 साल बाद कैंपस को लेकर सांसद ने किया बड़ा ऐलान

गुप्ताधाम जाने से पहले जान लें ये नियम! आसमान से बरसेंगे फूल, पहाड़ पर उमड़ेगी भीड़!







